‘गैंग का अंदरूनी विवाद…’, जौनपुर के विशाल यादव हत्याकांड पर बोले धनंजय सिंह
जौनपुर के रामदयालगंज में हुए विशाल यादव हत्याकांड को लेकर पूर्व सांसद धनंजय सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार की ओर से कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, लेकिन पुलिस से हुई बातचीत के आधार पर शुरुआती तौर पर यह मामला गैंग के अंदरूनी विवाद से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
धनंजय सिंह ने कहा कि दोनों युवक पहले एक साथ रहते थे, लेकिन बाद में उनके बीच दुश्मनी हो गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी भी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
14 सितंबर को विशाल के परिजनों से मिलेंगे धनंजय सिंह
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए विशाल यादव के परिवार से मिलने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल जौनपुर से बाहर हैं, इसलिए तत्काल परिवार से मुलाकात नहीं कर सके। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को जौनपुर पहुंचने के बाद वह विशाल के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
धनंजय सिंह ने विशाल की हत्या पर दुख जताते हुए कहा कि घटना से उनका मन आहत है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति देने की प्रार्थना की।
सपा विधायक लकी यादव पर लगे गंभीर आरोप
गौरतलब है कि जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित रामदयालगंज बाजार में गुरुवार को विशाल यादव की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मल्हनी से समाजवादी पार्टी के विधायक लकी यादव पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था।
हालांकि विधायक लकी यादव ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया और क्षेत्र की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
इस हत्याकांड में पुलिस अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
