गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश गुरुपर्व पर निकला विशाल नगर कीर्तन

गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश गुरुपर्व पर निकला विशाल नगर कीर्तन

सहारनपुर। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश गुरुपर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सहारनपुर की ओर से शनिवार को विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और गुरबाणी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

नगर कीर्तन का शुभारंभ सुबह सात बजे गुरुद्वारा संत भागमल, देहरादून रोड से हुआ। पंच प्यारे जत्थेदार गुरदयाल सिंह, जत्थेदार मनिंदर पाल सिंह, जत्थेदार अजीत सिंह, जत्थेदार मनमीत सिंह और जत्थेदार गगनदीप सिंह की अगुवाई में नगर कीर्तन प्रारंभ हुआ। फूलों से सजे रथ में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पावन स्वरूप विराजमान था।

नगर कीर्तन में गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, गुरु नानक बॉयज इंटर कॉलेज और गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी हिस्सा लिया। वहीं रणजीत अखाड़े के युवाओं ने आत्मरक्षा की कला का प्रदर्शन करते हुए गतका खेला।

नगर कीर्तन घंटाघर, गुरु तेग बहादुर मार्ग, कुतुबशेर चौक, अंबाला रोड, पटेल नगर, सुभाष नगर, अमर कुटिया, गली माधो प्रसाद और गुरुद्वारा रोड से होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्टॉल लगाकर प्रसाद वितरित किया।

मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने टेका मत्था

नगर कीर्तन के गुरुद्वारा पहुंचने पर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री गुरु सिंह सभा के पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर बताया गया कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रथम प्रकाश सितंबर 1604 में श्री अमृतसर साहिब में पांचवें पातशाह श्री गुरु अर्जन देव जी ने किया था। उस समय बाबा बूढ़ा जी को प्रथम ग्रंथी नियुक्त किया गया था। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में छह गुरुओं की वाणी के साथ 15 भगतों और 11 भट्टों की वाणी भी दर्ज है।

नगर कीर्तन के आयोजन में प्रधान सुजसबीर सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान प्रभजोत सिंह, जनरल सचिव अमनप्रीत सिंह सहित प्रमिन्द्र सिंह कोहली, छवप्रीत सिंह, तरुणदीप सिंह शानू, तरनजीत सिंह सन्नी बग्गा, प्रितीपाल सिंह जुनेजा, करनदीप सिंह, रणजीव सिंह हरि, हरेंद्र सिंह चड्ढा, तजिन्द्र सिंह डंग, इंद्रजीत सिंह खालसा, इंद्रप्रीत सिंह चड्ढा, एमपी सिंह चावला, बलबीर सिंह धीर, इंद्रजीत सिंह बत्रा, जगमोहन सिंह और जसबीर सिंह बग्गा सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।

Leave a Reply