आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की बल्ले-बल्ले, मानदेय में 33 फीसदी बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जताया आभार
नकुड़, 9 सितंबर। इंद्रेश। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 33 फीसदी की वृद्धि करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री की घोषणा का आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने नकुड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाइव प्रसारण के माध्यम से संबोधन सुनकर स्वागत किया और मुख्यमंत्री का आभार जताया।
टाबर रोड स्थित कर्ण पैलेस में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में 33 फीसदी वृद्धि की घोषणा की। वृद्धि के बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बारह हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय छह हजार रुपये हो गया है।
मानदेय में वृद्धि की घोषणा पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सुमन त्यागी, शशि शर्मा, मछला गोयल और शीला ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। इससे उनके परिवार का जीवनयापन पहले की अपेक्षा आसान होगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मुकेश चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार नारी शक्ति के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार भी नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आई थी, लेकिन विपक्ष ने इसे लटकाकर नारी शक्ति को दबाने का काम किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति हमेशा से वंदनीय रही है।
विधायक ने कहा कि भाजपा नीत सरकारें आधी आबादी के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। प्रदेश में महिलाएं अपने आपको सुरक्षित महसूस कर रही हैं। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में नारी शक्ति नारी विरोधी विपक्ष को करारा जवाब देकर भाजपा की सरकार बनाने में सहयोग करेगी।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर चलाए गए ‘कुपोषण से सुपोषण की ओर’ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी सीमा चौधरी, नकुड़ की बाल विकास परियोजना अधिकारी गोहर अंजुम, रणवीर शास्त्री, भाजपा नेता पवन सिंह रावल, प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष संजय चौधरी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष आलोक जैन, सत्यबीर चौधरी, पंकज बिष्ट आदि मौजूद रहे।

