दिल्ली से गुजरात ले जाया गया National Film Award, संजय राउत बोले- ‘अगर आत्मसम्मान है तो…’

दिल्ली से गुजरात ले जाया गया National Film Award, संजय राउत बोले- ‘अगर आत्मसम्मान है तो…’

नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी 72 साल के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न होकर गुजरात में होने वाली है. हमेशा से राष्ट्रपति भवन में होने वाला यह अवॉर्ड फंक्शन इस साल गुजरात के केवड़िया में होगा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वहां पहुंचकर विजेताओं को पुरस्कृत करेंगी. सरकार के इस फैसले पर शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सवाल खड़े किए हैं.

उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने फिल्मी हस्तियों से कहा है कि अगर आत्मसम्मान है तो इस अवॉर्ड सेरेमनी को बॉयकॉट करें. संजय राउत ने सवाल किया है कि अवॉर्ड सेरेमी, जो शुरुआत से हर साल राष्ट्रपति भवन में होती थी, उसे गुजरात ले जाने का क्या मतलब है?

‘गुजरात के पीएम हैं मोदी?’- संजय राउत

पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए संजय राउत ने सवाल किया कि क्या वह केवल गुजरात के प्रधानमंत्री हैं? इतना ही नहीं, यूबीटी सांसद ने दावा किया कि पीएम मोदी और अमित शाह इस सोच के साथ काम करते हैं कि सब गुजरात के गुलाम हैं. उन्होंने आगे कहा, “मैं यह नहीं कह रहा कि यह अवॉर्ड मुंबई में होना चाहिए, लेकिन इसे देश की राजधानी में होना चाहिए.”

संजय राउत ने BJP पर जमकर साधा निशाना

संजय राउत ने BJP पर निशाना साधते हुए कहा, “मुझे लगता है भारतीय जनता पार्टी में अब बहुत डर का माहौल है, खौफ का माहौल है. यह डर देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और पूरी बीजेपी के चेहरे पर हम साफ देख रहे हैं. जिस तरह से उन्होंने राहुल गांधी पर हमला शुरू कर दिया है, जिस तरह से उनके खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है… लेकिन राहुल गांधी अब ऐसे नेता बन चुके हैं जो किसी हमले से डरने वाले नहीं हैं.”

राहुल गांधी को लेकर संजय राउत ने कहा, “वह जनता के दिल में जगह बना चुके हैं और यह बात BJP को सबसे ज्यादा परेशान कर रही है. महाराष्ट्र की अगर बात करें, तो यहां भी महाविकास अघाड़ी (MVA) पूरी मजबूती के साथ खड़ी है. हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जनता के बीच जाएंगे. जो लोग यह सोच रहे हैं कि वो एजेंसियों का इस्तेमाल करके या डरा-धमकाकर राजनीति कर लेंगे, उनको जनता इस बार करारा जवाब देने वाली है.”

Leave a Reply