उप्र आउटसोर्स सेवा निगम कर्मचारियों का सुरक्षा कवच: मुख्यमंत्री
60 आउटसोर्स सफाई मित्रों को प्रतीक रुप में किट तथा श्रम विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत 29 लाभार्थियों को स्वीकृत धनराशि के प्रमाण पत्र व एफडी की गयी वितरित
सहारनपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लोकभवन लखनऊ में उप्र आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण तथा वेबसाइट व पोर्टल का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण महापौर डॉक्टर अजय कुमार सिंह, विधायक नगर श्री राजीव गुंबर, विधायक नकुड़ श्री मुकेश चौधरी, विधायक रामपुर मनिहारान श्री देवेंद्र निम, जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान, नगर आयुक्त श्री शिपू गिरी की उपस्थिति में नगर निगम के मां शाकुंभरी सभागार में किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम सहारनपुर के लगभग 60 आउटसोर्स सफाई मित्रों को प्रतीक रुप में किट तथा श्रम विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत 29 लाभार्थियों को स्वीकृत धनराशि के प्रमाण पत्र व एफडी वितरित की गयी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने लाइव प्रसारण में उ.प्र आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण तथा पोर्टल व वेबसाइट का शुभारंभ करते हुए कहा कि सुशासन की पहली शर्त संवेदना है, मानव के श्रम की गरिमा कम न हो तथा आउट सोर्स कर्मचारियों को एक सुरक्षा कवच मिल सके, इसके लिए इस निगम का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का और कर्मचारी का रिश्ता केवल देयता का नहीं बल्कि विश्वास और जिम्मेदारी का रिश्ता है। निगम के गठन से आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने मानदेय बढ़ोत्तरी की उद्घोषणा की। उन्होंने कहा कि निगम में डिजीटल मैनेजमेंट और उसकी डिजीटल निगरानी की जायेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हर महीने की पांच तारीख तक आउटसोर्स कर्मचारियों के खाते में उनका मानदेय निश्चित रुप से पहुंच जायेगा। उन्होंने कहा कि कोई भी एजेंसी अब किसी कर्मचारी को अपनी मर्जी से निकाल नहीं सकेगी, उसे पहले शासन को बताना पड़ेेगा।
उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने सभी से समर्पण भाव से काम करने की अपील की।
उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में ऐतिहासिक बढ़ोत्तरी की गयी है। भ्रष्टाचार से मुक्त आउटसोर्स व्यवस्था में दुर्घटना बीमा सहित अनेक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है।
नगरायुक्त ने सभी अतिथियों का आभार और निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि इस व्यवस्था से निगम के 2138 आउटसोर्स कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। श्रम विभाग की ओर से कुल 29 लाभार्थियों, जिनमें मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के सात लाभार्थियों को स्वीकृत धनराशि के प्रमाण पत्र, कन्या विवाह सहायता योजना के 16 लाभार्थियों को स्वीकृत धनराशि के प्रमाण पत्र तथा निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के छह लाभार्थियों को एफडी प्रदान की गयी।
कार्यक्रम में सहायक नगरायुक्त जे पी यादव, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी, एमएनएलपी सच्चिदानंद त्रिपाठी, जेडएसओ गजेंद्र सिंह के अलावा सहायक श्रमायुक्त प्रवीण दत्त सहित निगम व श्रम विभाग के अनेक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.वीरेन्द्र आज़म द्वारा किया गया।
