AIMIM को झटका, आसिम वकार ने थामा कांग्रेस का हाथ, बोले- ‘अब लड़ाई सिर्फ BJP से’
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सैयद आसिम वकार बुधवार (2 सितंबर) को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस का दामन थामने के बाद उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उनका मकसद सिर्फ बीजेपी को सत्ता से हटाना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आसिम वकार ने कहा, “मेरा मकसद बीजेपी को हटाना और कांग्रेस को सरकार में लाना है। मैं सेक्यूलर दलों के साथ खड़ा हूं और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि उनका विधायक या सांसद बनने का कोई मकसद नहीं है। अगर देश से बीजेपी की सरकार नहीं हटती तो किसी पद पर आना उनके लिए बेकार है।
‘असलियत में बीजेपी से सिर्फ कांग्रेस लड़ रही है’
आसिम वकार ने दावा किया कि देश में अगर कोई बीजेपी से मजबूती से लड़ रहा है तो वह कांग्रेस है। उन्होंने राहुल गांधी, उनकी टीम और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का जिक्र करते हुए कहा कि ये लोग पूरी ताकत से बीजेपी के खिलाफ लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी को हटाना है तो विपक्षी दलों को आपस में लड़ने के बजाय बीजेपी के खिलाफ एकजुट होना होगा। उनके मुताबिक, “अगर हम बीजेपी के दुश्मनों से लड़ रहे हैं तो हम बीजेपी के दोस्त हैं।”
सपा में क्यों नहीं गए? आसिम वकार ने दिया जवाब
सपा में शामिल नहीं होने के सवाल पर आसिम वकार ने कहा कि उनके पास विकल्प था और उन्होंने अपने हिसाब से सबसे बेहतर विकल्प चुना। उन्होंने कहा कि जिस तरह बाजार में व्यक्ति अपने और परिवार के भविष्य के लिए सबसे अच्छी चीज चुनता है, उसी तरह उन्होंने देश के लिए कांग्रेस को सबसे बेहतर पार्टी माना।
आसिम वकार ने कहा, “मुझे लगा कि देश के लिए सबसे बेस्ट पार्टी कांग्रेस है और देश के लिए सबसे शानदार और बेस्ट नेता राहुल गांधी हैं। मुझे जो सबसे बेस्ट लगा, मैंने चुन लिया।”
‘हिंदू-मुसलमान देश का विषय नहीं’
आसिम वकार ने कहा कि मौजूदा समय में देश के सामने हिंदू-मुसलमान की लड़ाई सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास को अहम मुद्दा बताते हुए कहा कि देश की बड़ी आबादी आर्थिक रूप से कमजोर है और महंगी शिक्षा का खर्च नहीं उठा सकती।
उन्होंने ‘वन नेशन, वन एजुकेशन’ की जरूरत बताते हुए कहा कि अमीर और गरीब के बच्चों को समान स्तर की शिक्षा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की भी जरूरत बताई।
वकार ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की बात करने वाले नेता राहुल गांधी हैं, इसलिए उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है।
