स्वास्थ्य योजनाओं में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें अधिकारी: सीडीओ

स्वास्थ्य योजनाओं में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें अधिकारी: सीडीओ
सहारनपुर में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते सीडीओ।

सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चैहान के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति एवं संचारी रोग रोकथाम की समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

सीडीओ ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाते हुए योजनाओं में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। सीडीओ ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में टीकाकरण की प्रगति की ब्लॉकवार समीक्षा की गई। सीडीओ ने 12 से 23 माह आयु वर्ग के बच्चों के टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने तथा टीकाकरण से छूटे बच्चों को चिन्हित कर विशेष कैंप आयोजित कर उनका टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए निर्धारित गतिविधियों में तेजी लाने को कहा। आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर पात्र लाभार्थियों के कार्ड तेजी से बनाने तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार डिलीट करने की कार्रवाई के निर्देश दिए।

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ दिलाने तथा घरेलू प्रसव की गोपनीय जांच कराने को कहा। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए संस्थागत प्रसव को हर हाल में बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम डैशबोर्ड पर स्वास्थ्य संकेतकों की रैंकिंग की लगातार निगरानी कर कम प्रगति वाले संकेतकों में सुधार लाने को कहा। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह सहित चिकित्सक, एमओआईसी एवं सीडीपीओ मौजूद रहे।

Leave a Reply