नेपाल बाढ़ पर खरगे ने PM मोदी और अमित शाह को लिखा पत्र, 320 भारतीयों के लापता होने पर जताई चिंता

नेपाल बाढ़ पर खरगे ने PM मोदी और अमित शाह को लिखा पत्र, 320 भारतीयों के लापता होने पर जताई चिंता

नई दिल्ली। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और उसके बाद जारी तबाही के बीच राहत एवं बचाव अभियान लगातार चल रहा है। भारत भी नेपाल में फंसे लोगों की मदद और रेस्क्यू ऑपरेशन में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इस बीच नेपाल में कई भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबरों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है।

500 से ज्यादा मौतों का दावा

प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में खरगे ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। खरगे के मुताबिक, हालिया मीडिया रिपोर्टों में 500 से ज्यादा लोगों की मौत और करीब 1,000 लोगों के लापता होने की बात सामने आई है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित हजारों लोगों को भोजन, दवाइयों, आश्रय और अन्य जरूरी सामान की तत्काल आवश्यकता है। ऐसे में भारत को नेपाल सरकार के साथ समन्वय कर राहत एवं मानवीय सहायता को और मजबूत करना चाहिए।

भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी की मांग

खरगे ने प्रधानमंत्री से नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षा को लेकर भी तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण नेपाल के अलग-अलग हिस्सों में कई भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाने चाहिए।

320 भारतीयों से संपर्क नहीं

खरगे ने पत्र में कहा कि विदेश मंत्रालय से मिली ताजा जानकारी के अनुसार, करीब 320 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने इन लोगों को लेकर चिंता जताते हुए सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस कठिन समय में नेपाल में फंसे भारतीयों और आपदा प्रभावित लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए तेजी से कदम उठाएगी।

Leave a Reply