भरभराकर गिरी 100 वर्ष पुरानी इमारत, बड़ा हादसा टला

भरभराकर गिरी 100 वर्ष पुरानी इमारत, बड़ा हादसा टला
सहारनपुर में रेलवे रोड पर ध्वस्त हुई पुरानी इमारत।

सहारनपुर। सदर बाजार क्षेत्रांतर्गत रेलवे रोड पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 100 वर्ष से अधिक पुरानी एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत के गिरते ही मौके पर धूल का गुबार फैल गया और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे के समय इमारत के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

जानकारी के अनुसार रेलवे रोड स्थित उक्त पुरानी इमारत काफी जर्जर हालत में थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक इमारत की उम्र करीब 100 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से पिछले करीब छह माह से इमारत पर ताला लगा हुआ था। सोमवार को अचानक इमारत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा और देखते ही देखते मलबे का ढेर लग गया। इमारत गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

राहत एवं बचाव के लिए जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कराया गया। मलबा हटाने के दौरान उसके नीचे से एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा भी दबे हुए हालत में बरामद हुईं। हालांकि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए कहा। स्थानीय निवासी कमल ने बताया कि इमारत काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी तथा पिछले करीब छह महीने से इसमें ताला लगा हुआ था। इमारत के अचानक गिरने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई, लेकिन किसी के हताहत न होने से सभी ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply