UP में AAP का ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान, संजय सिंह बोले- ‘बदहाल स्कूलों की…’
उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि अभियान के जरिए प्रदेश के सरकारी और प्राथमिक विद्यालयों की जमीनी हकीकत जनता के सामने लाई जाएगी।
संजय सिंह ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कई इलाकों में सरकारी स्कूल बदहाल स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे भी अपने स्कूलों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। AAP नेता के मुताबिक, पार्टी कार्यकर्ता अलग-अलग इलाकों में स्कूलों की स्थिति सामने लाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने जनता से अपील की कि अगर उनके इलाके का सरकारी स्कूल बदहाल है तो उसकी वीडियो बनाकर आम आदमी पार्टी को भेजें। पार्टी का कहना है कि अभियान के तहत यूपी के अलग-अलग हिस्सों के स्कूलों की स्थिति को सामने लाया जाएगा।
संजय सिंह ने कहा कि राजनीति को जाति और धर्म के मुद्दों से आगे बढ़कर शिक्षा और स्कूलों जैसे बुनियादी सवालों पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने आने से सरकार के शिक्षा और विकास से जुड़े दावों की भी हकीकत स्पष्ट होगी।
