Vande Mataram पर सियासी घमासान! राजनाथ सिंह बोले- कांग्रेस ने कमजोर की राष्ट्रीय एकता

Vande Mataram पर सियासी घमासान! राजनाथ सिंह बोले- कांग्रेस ने कमजोर की राष्ट्रीय एकता

New Delhi : ‘वंदे मातरम्’ को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि 1937 में वंदे मातरम् को लेकर लिया गया कांग्रेस का फैसला राष्ट्रीय एकता को कमजोर करने वाला था। उन्होंने कांग्रेस के मौजूदा रुख को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

राजनाथ सिंह ने एक वीडियो संदेश में कांग्रेस के उस फैसले पर सवाल उठाया, जिसमें पार्टी ने अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् की पहली दो पंक्तियां/अंतरे गाने की परंपरा को जारी रखने की बात कही है। कांग्रेस कार्यसमिति ने हाल ही में 1937 के अपने पुराने निर्णय को बरकरार रखने का फैसला किया था।

रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उस समय मुस्लिम लीग की मांगों को ध्यान में रखते हुए वंदे मातरम् के गायन को सीमित किया था। उनके मुताबिक, इस तरह के राजनीतिक समझौते राष्ट्रीय एकता के लिए नुकसानदायक साबित हुए और आगे चलकर देश के विभाजन की परिस्थितियों को बढ़ावा मिला।

राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के मौजूदा रुख को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कट्टरपंथी तत्वों के साथ समझौता करना देश के लिए घातक साबित हो सकता है। उन्होंने कांग्रेस के फैसले को संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता से जोड़कर निशाना साधा।

इस विवाद के बीच बीजेपी के कई नेता कांग्रेस पर हमलावर हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस के फैसले को ‘राष्ट्रविरोधी’ बताते हुए निशाना साधा है। ऐसे में ‘वंदे मातरम्’ का मुद्दा एक बार फिर बीजेपी-कांग्रेस के बीच बड़े राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया है।

Leave a Reply