जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, बोले- ‘कैमराजीवी नाटक’ सिर्फ सुर्खियों में रहने के लिए
New Delhi : केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। नड्डा ने राहुल गांधी के संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर धरने को मीडिया का ध्यान खींचने वाला प्रदर्शन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी गंभीर मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय कैमरों के सामने नाटक कर सुर्खियां बटोरना चाहते हैं।
दरअसल, राहुल गांधी शुक्रवार को जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन के इस्तेमाल के मामले में FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। उनके साथ पैलेट गन से घायल छात्र साहिल लोचब भी मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
नड्डा ने राहुल गांधी के इस कदम को ‘अटेंशन सीकिंग’ करार देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता का मकसद असल मुद्दे का समाधान करना नहीं, बल्कि मीडिया में बने रहना है। बीजेपी ने राहुल के धरने को हालिया ‘वंदे मातरम्’ विवाद से ध्यान भटकाने की कोशिश भी बताया है।
वहीं, कांग्रेस का कहना है कि छात्र साहिल की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की और शिकायत का कोई IO नंबर या acknowledgment भी नहीं दिया। राहुल गांधी इसी मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
