Gen Alpha प्रदर्शन के बीच योगी सरकार की गाइडलाइन, DM-कमिश्नर को करना होगा यह काम

Gen Alpha प्रदर्शन के बीच योगी सरकार की गाइडलाइन, DM-कमिश्नर को करना होगा यह काम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में Gen Alpha यानी स्कूली बच्चों के लगातार हो रहे प्रदर्शन को लेकर योगी सरकार ने प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों से कहा है कि वे स्कूलों से जुड़ी शिकायतों और छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के कई जिलों में छात्र शिक्षकों की कमी, खराब भोजन, साफ-सफाई, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। लखनऊ में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान यातायात भी प्रभावित हुआ था।

DM-कमिश्नर को करना होगा यह काम

सरकार की गाइडलाइन के तहत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूलों की व्यवस्थाओं पर नजर रखने और छात्रों की शिकायतों का मौके पर संज्ञान लेने पर जोर दिया गया है। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि छोटी-छोटी समस्याएं प्रदर्शन का रूप लेने से पहले ही उनका समाधान हो जाए।

लखनऊ समेत कई जिलों में छात्रों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने शिक्षकों की कमी, भोजन की गुणवत्ता और अन्य सुविधाओं में सुधार के लिए कदम उठाए हैं।

दरअसल, जुलाई से ही यूपी के अलग-अलग हिस्सों में Gen Alpha के छात्र अपनी समस्याओं को लेकर मुखर हुए हैं। कई मामलों में प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रों की मांगें मानने का आश्वासन दिया।

सरकार का संदेश साफ है कि छात्रों को अपनी मूलभूत सुविधाओं और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के लिए सड़क पर उतरने की नौबत न आए। जिलों के अधिकारी स्कूल स्तर की शिकायतों पर सक्रियता से काम करें और समस्याओं का समय रहते निस्तारण कराएं।

Leave a Reply