ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-डंपर की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत
ग्वालियर, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-भिंड नेशनल हाईवे-719 पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छिमका चौराहे के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद उत्तर प्रदेश स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हाईवे पर एक डंपर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडिंग वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गया और उसमें सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर पांच लोगों की मौत हुई, जबकि इलाज के दौरान तीन अन्य मजदूरों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।
पुलिस के अनुसार, मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और ग्वालियर के चिनोर क्षेत्र में धान की रोपाई के लिए आए थे। काम पूरा होने के बाद वे लोडिंग वाहन से वापस लौट रहे थे। घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक/डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
