सहारनपुर में 13 जिलों की 22 दिवसीय अग्निवीर भर्ती रैली का शुभारंभ
सहारनपुर। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ) मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली की शुरूआत की गयी। रैली के पहले चरण में हापुड़ जिले के अभ्यर्थियों ने भाग लिया। भर्ती मैदान में युवाओं में सेना में शामिल होकर देशसेवा करने का जोश और जज्बा दिखाई दिया। डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली का शुभारंभ हुआ।
भर्ती रैली का आयोजन कर्नल सत्यजीत बेबले, निदेशक भर्ती, एआरओ मेरठ के नेतृत्व में किया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा समेत भर्ती के विभिन्न चरण आयोजित किए जा रहे हैं।पहले चरण में हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना और हापुड़ तहसील के युवाओं ने हिस्सा लिया। कुल 899 अभ्यर्थियों ने दौड़ में भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। युवाओं ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए वीरता पुरस्कार से सम्मानित पूर्व सैनिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। ऑनरेरी नायब सूबेदार सतीश कुमार, सेना मेडल, कोर ऑफ ईएमई तथा सूबेदार भीमसैन, सेना मेडल, 10 गार्ड्स ने दौड़ को फ्लैग ऑफ किया। ऑनरेरी नायब सूबेदार सतीश कुमार को 26 जनवरी 1999 तथा सूबेदार भीमसैन को 15 अगस्त 1985 को सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। दोनों वीरता पुरस्कार विजेताओं की मौजूदगी ने युवा अभ्यर्थियों में उत्साह और प्रेरणा का संचार किया।
सहारनपुर में आयोजित यह भर्ती रैली एआरओ मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न जिलों के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। भर्ती अधिकारियों द्वारा पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं पारदर्शी व्यवस्था के तहत संचालित की जा रही है।भर्ती मैदान में पहुंचे युवाओं ने कहा कि भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना उनके जीवन का सपना है। उनके उत्साह और अनुशासन से भर्ती मैदान में देशभक्ति का माहौल नजर आया।
