कोटेदारों का लाभांश 90 से बढ़कर 125 प्रति कुंतल, ई-पॉस फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ
सहारनपुर। प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि और सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली के शुभारंभ कार्यक्रम का सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में लाइव प्रसारण किया गया।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान, संबंधित अधिकारियों तथा जनपद के उचित दर विक्रेताओं ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए उनका लाभांश 90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 प्रति कुंतल करने की घोषणा की। इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा खाद्य एवं रसद एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय के संबोधन का भी लाइव प्रसारण किया गया।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान ने लाभांश में वृद्धि पर सभी कोटेदारों को बधाई देते हुए कहा कि 90 से बढ़ाकर 125 रूपए प्रति कुंतल किया जाना उचित दर विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। उन्होंने उचित दर विक्रेताओं से शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ राशन वितरण करने तथा पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा शिकायत सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली से वितरण व्यवस्था की निगरानी अधिक प्रभावी होगी और उचित दर विक्रेताओं की प्रतिक्रिया के आधार पर व्यवस्था में सुधार किया जा सकेगा। वहीं सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी से खाद्यान्न की आपूर्ति एवं वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह सहित संबंधित अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं जनपद के उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे। उचित दर विक्रेताओं ने लाभांश बढ़ाए जाने और नई फीडबैक प्रणाली शुरू किए जाने पर प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
