पुलिस ने किया चोरी की घटना का खुलासा, दो शातिर चोर किए गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात एवं दो अवैध चाकू बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार विगत 19 जुलाई को वादी रोहताश कुमार पुत्र करेशन निवासी ग्राम महमूदपुर थरौली थाना कुतुबशेर ने थाने में लिखित तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने रात्रि के समय उसके घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर वांछित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी। आज थाना कुतुबशेर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी व उपनिरीक्षक कुलवंत सिंह के नेतृत्व में मुकदमा उपरोक्त में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों शौकीन पुत्र नूर हसन व परवेज पुत्र आलिम निवासीगण ग्राम ककराला थाना कुतुबशेर को ककराला ईदगाह रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए आभूषण जिनमें एक सिक्का चांदी, एक ढोलना, पांच बिछुआ, दो कड़े एवं दो अवैध चाकू बरामद कर लिए। दबोचे गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि हम दोनों दोस्त हैं तथा नशा करने के आदी हैं। अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए हम छोटी-मोटी चोरी कर लेते हैं। करीब एक माह पूर्व हम दोनों ने मिलकर ग्राम महमूदपुर के बाहर बने एक मकान में चोरी की थी जहां से हमने कुछ जेवरात चुराए थे। आज हम उन्हीं जेवरात को बेचने जा रहे थे तभी पुलिस ने हमें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों का वांछित धाराओं में चालान काटकर जेल भेज दिया।
