झारखंड विधानसभा मार्च से पहले छात्रों की अपील, बोले- शांतिपूर्ण रहेगा आंदोलन, पुलिस से टकराव नहीं
रांची/नई दिल्ली: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार 17वें दिन भी जारी है। आज प्रस्तावित विधानसभा मार्च से पहले JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की ओर से आंदोलनकारी छात्रों के नाम एक महत्वपूर्ण अपील जारी की गई है। इसमें सभी छात्रों से अनुशासन, एकजुटता और शांति बनाए रखते हुए अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का आग्रह किया गया है।
अपील में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि मार्च के दौरान किसी भी छात्र को पुलिस या अन्य किसी व्यक्ति के साथ किसी प्रकार की झड़प में नहीं पड़ना है। साथ ही उपद्रव फैलाने वाले तत्वों से दूरी बनाए रखने और किसी भी अराजक गतिविधि का हिस्सा न बनने की सलाह दी गई है।
संगठन की ओर से छात्रों से कहा गया है कि वे विधानसभा मार्च के दौरान एकजुट होकर आगे बढ़ें और अलग-अलग समूह बनाकर भीड़ न लगाएं। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को बाधित न करने तथा राहगीरों और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न होने देने की भी अपील की गई है।
आंदोलनकारी छात्रों से बैनर, पोस्टर और नारों के माध्यम से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने को कहा गया है। अपील में यह भी कहा गया है कि यदि किसी प्रकार की अराजकता या गड़बड़ी की आशंका दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दी जाए।
छात्रों को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी पुष्टि करने की सलाह दी गई है। संगठन ने कहा कि अब तक छात्रों ने जिस संयम और समझदारी का परिचय दिया है, उसे आगे भी बनाए रखना जरूरी है ताकि उनकी मांगें प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंच सकें।
वहीं, विधानसभा मार्च को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विधानसभा जाने वाले मार्गों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है और एहतियात के तौर पर धारा 163 लागू कर दी गई है। पुलिस ने भी छात्रों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। मार्च में शामिल होने के लिए रविवार से ही बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचने लगे हैं।
