मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की तैयारियों को अंतिम रूप
सहारनपुर । मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में 09 से 17 अगस्त के बीच तीन चरणों में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के आयोजन की तैयारियों के संबंध में बैठक आहूत की गयी।
बैठक में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद की कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही नागरिकों में राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति एवं गौरव की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों एवं राष्ट्र के प्रति अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुषों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए। बैठक में बताया गया कि 09 से 17 अगस्त, 2026 तक जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम भौतिक एवं डिजिटल दोनों माध्यमों से आयोजित किए जाएंगे। अभियान को इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं जयंती के अवसर से भी जोड़ा गया है। इसके अंतर्गत तिरंगा फहराने के साथ-साथ ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन, तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा प्रदर्शनियां, जनजागरूकता एवं अन्य राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होने अभियान से जुड़े सभी कार्यक्रमों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, महिला समूहों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए विभागीय वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का संचालन प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए किसी भी स्तर पर कमी न रहने पाए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं गौरव की भावना को मजबूत करने वाला व्यापक जन-आंदोलन बने, इसके लिए सभी अधिकारी एवं संबंधित संस्थाएं पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में स्कूलों की दीवारों और बोर्डों को तिरंगा से प्रेरित कलाकृतियों से सजाया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा, बस बड्डा, सार्वजनिक उद्यान आदि चिन्हित स्थानों पर तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा सैनिकों और पुलिसकर्मियों को आभार पत्र लिखकर डाक विभाग के समन्वय से भेजा जाएगा। तिरंगा और उससे संबंधित वस्तुओं आदि की बिक्री को व्यापक रूप से प्रोत्साहित करते हुए स्थानीय बाजारों में सौन्दर्यपरक तिरंगा प्रकाश और सजावट किया जाएगा। पंचायती राज एवं नगर विकास विभाग द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किये गये झण्डों का विक्रय टोकन मनी के साथ सुनिश्चित किया जाए। डिजिटल जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए ‘तिरंगा सेल्फी’ अभियान चलाया जाएगा।
द्वितीय चरण में स्कूल, कॉलेज तथा तकनीकी संस्थानों में स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रतियोगिता करायी जाएगी जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यालयों को आमंत्रित कर 26 जनवरी 2027 को सम्मानित किया जाएगा। तिरंगा महोत्सव के रूप में एक बड़ा आयोजन किया जाएगा जिसके अन्तर्गत वृहद तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा म्यूजिकल कॉसंर्ट आयोजित किया जाएगा। तिरंगा मेला के आयोजन में स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पाद तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के सहयोग से निर्मित उत्पादों, स्थानीय उत्पादों, ओडीओपी, तिरंगा रंग की थीम वाली वस्तुओं की बिक्री एवं प्रदर्शन किया जाएगा। नागरिकों को विभिन्न माध्यमों से झण्डा संहिता तथा झण्डा फहराने के तरीकों के संबंध में अवगत कराया जाएगा।
तृतीय चरण में सभी आवासित घरों, सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहीद स्मारकों, अमृत सरोवरों आदि पर ध्वजारोहण समारोह और तिरंगा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के दिन बेसिक एवं माध्यमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं की रैली निकाली जाएगी। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा युद्ध में शहीद हुए सैनिकों एवं स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के परिजनों तथा पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। रैली के प्रारम्भ से पूर्व वंदे मातरम का गायन किया जाएगा। विद्यालयों में सामान्य ज्ञान एवं खेल-कूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आंगनबाडी केन्द्रों, वृद्धाश्रमों, निराश्रित आश्रमों, दिव्यांग आश्रमों एवं अन्य बाल सुधारगृहों में 15 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित कर मिष्ठान वितरण किया जाएगा। समस्त सरकारी कर्मचारियों, गैर सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों तथा औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाया जाएगा। शहीद स्थलों, स्मारकों पर पुलिस बैण्ड, पीएसी बैण्ड, होमगार्ड बैण्ड द्वारा सुबह एवं शाम को देशप्रेम संबंधी गीतों की धुन का वादन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रवीण कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री सलिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट श्री कुलदीप सिंह, एसडीएम सदर श्री सुबोध कुमार, पीडी डीआरडीए श्री प्रणय कृष्ण, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री प्रदीप कुमार द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
