पेलेट गन के इस्तेमाल पर लोकसभा में बवाल, कपिल सिब्बल ने पूछा- ‘गृहमंत्री अमित शाह ने…’
लोकसभा में पेपर लीक विरोधी विधेयक पारित होने और छात्र प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों पर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि अगर किसी जगह पैलेट गन या इस तरह की कार्रवाई की गई है तो इसके लिए किसी न किसी स्तर पर अनुमति जरूर दी गई होगी.
कपिल सिब्बल ने कहा कि अगर यह कहा जा रहा है कि पैलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति किसी SDM ने दी थी तो फिर यह भी पूछा जाना चाहिए कि क्या गृह मंत्री ने कभी कहा कि SDM ने गलत फैसला लिया था. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कार्रवाई गलत थी तो केंद्रीय गृह मंत्री अब तक चुप क्यों हैं.
गृह मंत्री के बारे में कपिल सिब्बल का बयान
कपिल सिब्बल ने कहा कि अगर गृह मंत्री को लगता है कि किसी अधिकारी ने गलत किया है तो उन्हें खुलकर यह कहना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया. सिब्बल के अनुसार, इससे यह मैसेज जाता है कि जो कुछ हुआ वह सरकार की जानकारी और सहमति से हुआ. कपिल सिब्बल ने आगे कहा कि शुरुआत में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से यह कहा गया था कि पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं हुआ, लेकिन बाद में जब यह साबित हो गया कि पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था, तब सरकार को इस बात को स्वीकार करना पड़ा. उन्होंने कहा कि ऐसे में यह और भी जरूरी हो जाता है कि गृह मंत्री अपनी स्थिति स्पष्ट करें और बताएं कि इस मामले में जिम्मेदारी किसकी है.
जवाबदेही किसकी है- कपिल सिब्बल
कपिल सिब्बल ने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले पर साफ जवाब देना चाहिए, क्योंकि यह केवल प्रशासनिक कार्रवाई का मामला नहीं है बल्कि इससे छात्रों और आम लोगों के अधिकारों का भी सवाल जुड़ा हुआ है. सिब्बल ने कहा कि देश की जनता यह जानना चाहती है कि इस कार्रवाई की अनुमति किस स्तर पर दी गई थी और इसके लिए जवाबदेही किसकी है.
