नवादा रोड नाला निर्माण का नगरायुक्त ने किया निरीक्षण

नवादा रोड नाला निर्माण का नगरायुक्त ने किया निरीक्षण
सहारनपुर में नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण करते नगरायुक्त शिपू गिरि।

सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने नगर निगम द्वारा नवादा रोड पर बनाये जा रहे नाला निर्माण का निरीक्षण किया और गुणवत्ता के साथ तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

नवादा रोड पर जलभराव से क्षेत्र के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सर्किट हाउस मार्ग से नवादा रोड स्थित चूना भट्टी तक नगर निगम द्वारा करीब 1200 मीटर लंबे नाले का निर्माण युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। नाला निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है। नगरायुक्त शिपू गिरि आज नाला निर्माण की प्रगति तथा गुणवत्ता की परख के लिए नवादा रोड पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद अवर अभियंता व ठेकेदार से निर्माण कार्य की जानकारी ली और शेष कार्य पांच दिन में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयोग किये जा रहे सीमेंट व रेत तथा ईंटों की गुणवत्ता देखने के अतिरिक्त रेत-सीमेट के अनुपात को भी परखा। नगरायुक्त ने कहा कि यह जनहित का महत्वपूर्ण कार्य है, इसमें कोई लापरवाही न बरती जाए।