टूटी सड़कों की मरम्मत को लेकर पूर्व विधायक ने जलनिगम अधिकारियों से की वार्ता
देवबंद। असदपुर करंजाली गांव में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की लंबे समय से मरम्मत न होने पर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने जलनिगम के अधिकारियों से वार्ता कर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
बता दें, कि करीब दो वर्ष पूर्व स्वच्छ पेयजल योजना के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई थीं, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उनका पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। बरसात के दौरान सड़कें कीचड़ और जलभराव के कारण बदहाल हो गई हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि फिसलन के कारण कई बुजुर्ग और बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। इसके विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने गांव में भाजपा नेताओं के प्रवेश पर रोक संबंधी बैनर लगाकर अपना आक्रोश जताया था। इसके बाद पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने जलनिगम अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान की मांग की। अधिकारियों ने उन्हें शीघ्र सड़कों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।
