किसान यूनियन ने विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर। किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अमित राणा के नेतृत्व में किसानों ने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। किसान यूनियन से जुड़े किसान आज सुबह जिला मुख्यालय पहुंचे जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में गन्ना भुगतान, खाद-बीज की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर, नकली कीटनाशक दवाओं, टोल प्लाजा और निजी स्कूलों की मनमानी फीस जैसे मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में किसानों का गन्ना भुगतान समय पर नहीं हो रहा है जिससे किसानों को खेती और परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने गन्ना भुगतान शीघ्र कराने की मांग उठाई। किसान यूनियन ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर यूरिया, डीएपी और एनपीके खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे फसलों की पैदावार प्रभावित हो रही है। संगठन ने सरकार से खाद की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में स्मार्ट मीटरों का भी विरोध किया गया।
किसानों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में भारी वृद्धि हुई है तथा रिचार्ज समाप्त होने पर बिना सूचना बिजली आपूर्ति काट दी जाती है, जिससे उपभोक्ताओं में रोष है। संगठन ने किसानों और आम उपभोक्ताओं के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाने पर पुनर्विचार करने की मांग की। साथ ही निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली और अवकाश के दौरान भी फीस लेने के मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह नियमों के विपरीत है और अभिभावकों को परेशान कर रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में राव अखलाख, शाकिर, रविन्द्र राणा, सतीश राणा,रिजवान, बाबू अली आदि किसान शामिल रहे।
