ब्रुकलिन में 96 साल पुरानी इमारत ढही, राहत कार्य जारी
वॉशिंगटन डीसी: न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन इलाके के फ्लैटबुश में बुधवार को एक 96 साल पुरानी तीन मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मलबे में दब गए हैं।
हादसे के बाद 250 राहतकर्मी बचाव कार्य में जुट गए हैं। इनमें से कुछ ने मलबे से एक गर्भवती महिला और एक बच्चे को सुरक्षित निकाला। इस घटना में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि 6 अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
इमारत एक निर्माण स्थल के पास स्थित थी, जहां पहले एक मंजिला इमारत को गिराया गया था। इसके बाद जमीन की खुदाई का काम चल रहा था, जब तीन मंजिला इमारत ढह गई और उसका मलबा निर्माण स्थल के गड्ढे में गिर गया।
स्थानीय न्यूज चैनल के अनुसार, न्यूयॉर्क के बिल्डिंग डिपार्टमेंट ने अप्रैल में इसी निर्माण स्थल पर नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया था। आरोप था कि काम रोकने का आदेश मिलने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस हादसे और पुराने उल्लंघन के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है।
बचाव कार्य में खोजी कुत्तों और ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। शाम करीब 6:30 बजे, मलबे में एक व्यक्ति को जिंदा निकाला गया, जिसे अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितने लोग लापता हैं।
दमकल विभाग की प्रमुख लिलियन बोनसिग्नोर ने बताया कि दूसरी इमारत गिरने का खतरा भी है, इसलिए बचाव अभियान में सावधानी बरती जा रही है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों की सहायता के लिए एक सहायता केंद्र भी स्थापित किया है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया पर राहत और बचाव अभियान की जानकारी दी और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
