लकी अली का बांग्लादेश दौरा रद्द, एआर रहमान का गुरुग्राम कॉन्सर्ट भी टला

लकी अली का बांग्लादेश दौरा रद्द, एआर रहमान का गुरुग्राम कॉन्सर्ट भी टला

प्रसिद्ध गायक लकी अली का बांग्लादेश में 12-13 नवंबर को होने वाला टूर रद्द कर दिया गया है। आयोजक कंपनी इक्यूब एंटरटेनमेंट ने इसे अप्रत्याशित परिस्थितियों का हवाला देते हुए रद्द किया। हालांकि, नॉर्थईस्ट न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस टूर के रद्द होने का मुख्य कारण वित्तीय विवाद है।

लकी अली की टीम ने आयोजकों से 1.25 करोड़ बांग्लादेशी टका (BDT) का पूरा भुगतान पहले करने की मांग की थी। आयोजकों के अनुसार, एक प्रमुख स्पॉन्सर ने 1.5 करोड़ बांग्लादेशी टका देने का वादा किया था, जिसे पूरा नहीं किया गया। इस कारण से कलाकार की फीस का भुगतान करना आयोजकों के लिए मुश्किल हो गया। लकी अली की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

यह टूर तीन साल बाद आयोजित किया जा रहा था, जिसमें ढाका में टिकट की कीमत 4,000, 7,000 और 12,000 बांग्लादेशी टका रखी गई थी। अब टिकट होल्डर्स को रिफंड दिया जा रहा है।

वहीं, एआर रहमान का 21 नवंबर को गुरुग्राम के बैकयार्ड स्पोर्ट्स क्लब में होने वाला कॉन्सर्ट भी टाल दिया गया है। आयोजक ईवा लाइव ने बताया कि अप्रत्याशित परिस्थितियों और आवश्यक बदलावों के कारण कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। नई तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन यह कार्यक्रम 2027 में आयोजित किया जाएगा।

कॉन्सर्ट के टिकट की कीमत 2,499 रुपए से लेकर 1.5 लाख रुपए तक थी। टिकट खरीदने वालों को कैंसलेशन ईमेल भेजे गए हैं और उनका पूरा पैसा वापस किया जा रहा है।

Leave a Reply