गर्मियों की छुट्टियां कैसे बिताएं बच्चे? CM योगी ने लिखी पाती, ये काम करने की दी सलाह
उत्तर प्रदेश के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के नाम पाती लिखी हैं, जिसमें उन्होंने बच्चों को गर्मियों की छुट्टियों का अच्छी तरीके से इस्तेमाल करने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि ये छुट्टियां बच्चों के जीवन में आनंद, उत्साह और नए प्रयोग लेकर आती हैं. ऐसे समय में परिजन बच्चों को उनके ददिहाल और ननिहाल ले जाए और परिवार के साथ समय बिताने दें.
मुख्यमंत्री ने लिखी बच्चों के नाम पाती
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा- गर्मी की छुट्टियां आप सभी के लिए आनंद, उत्साह और नए शोध का समय लेकर आती हैं. स्कूल की व्यस्त दिनचर्या से थोड़ी राहत मिलते हैं मन कुछ नया सीखने, नए स्थान देकने और अपनों के साथ समय बिताने को उत्सुक हो उठता है. यहीं अवसर है जब आप अपनी रुचियों को पहचाने, नई आदतें विकसित करें और जीवन में ऐसे अनुभव प्राप्त करें जो आगे चलकर आपके संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण में सहायक हों.
किशोर एवं युवा इन छुट्टियों में नई भाषा या नया कौशल सीख सकते हैं. ये समय अच्छी पुस्तकों से मित्रता, फोटोग्राफी, चित्रकारी, पाक कला, संगीत एवं बागवानी जैसी रुचियों को पूरा करने का हो सकता है.
हममें से अधिकतर लोगों ने बचपन में दादा-दादी, नाना-नानी से कहानियां सुनी होंगी. आज बच्चे इन अनुभवों से दूर होते जा रहे हैं. मेरा अभिभावकों से आग्रह है कि इन छुट्टियों में बच्चों को ननिहाल-ददिहाल अवश्य ले जाएं. उन्हें परिवार के साथ समय बिताने दें, ताकि वे अपने संस्कारों और परंपराओं को निकट से जान सकें.
ग्रीष्मावकाश में आप बच्चों को प्रकृति से जोड़ने का भी प्रयास करें. उनके साथ पौधे लगाएं, उनकी देखभाल करने का दायित्व उन्हें दें और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की आदत विकसित करें. जब बच्चे मिट्टी, वृक्ष और जल के महत्व को समझते हैं तभी उनके अंदर पर्यावरण के लिए प्रति संवेदनशीलता विकसित होती है. जिस वृक्ष की जड़े मज़बूत होती हैं वहीं सबसे अधिक फलदायी और स्वास्थ्य से जोड़ पाए तो ये उनकी अमूल्य पूंजी बन जाएगा.
सीएम योगी ने आखिर में अपील करते हुए कहा- इन छुट्टियों को प्लास्टिक मुक्त बनाने का भी संकल्प लें, यात्रा हो या पिकनिक, कपड़े या जूट के थैलों का प्रयोग करें, प्लास्टिक का कचरा इधर उधर न फैलाएं. छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव लाते हैं.
