मानसी अभिनय गुरुकुल ने मनाया 36वां स्थापना दिवस, कलाकारों ने बिखेरा कला का रंग

मानसी अभिनय गुरुकुल ने मनाया 36वां स्थापना दिवस, कलाकारों ने बिखेरा कला का रंग
सहारनपुर में स्थापना दिवस पर प्रस्तुति देते कलाकार।

सहारनपुर। मानसी अभिनय गुरुकुल के 36 वर्ष पूर्ण होने पर स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 8 से 40 वर्ष आयु वर्ग के कलाकारों ने गीत, संगीत, बांसुरी वादन, नृत्य एवं कविता प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

तिलक नगर स्थित पारिजात भवन में आयोजित कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मानसी के अध्यक्ष केके गर्ग का 76वां जन्मदिन मनाया जाना रहा। इस अवसर पर करीब 70 से 80 कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शीतल टंडन और केके गर्ग ने युगल स्वरों में ‘मेरी दोस्ती मेरा प्यार’ गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

समारोह में शीतल टंडन, प्रभुजी की रसोई के सचिव, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष एवं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जैन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वकुल वसंत, डॉ. सोमा सिंह, डॉ. वीरेंद्र आजम, वरिष्ठ पत्रकार एवं गीतकार डॉ. अतुल वसंत, डॉ. सुरेंद्र सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए मानसी अभिनय गुरुकुल की सांस्कृतिक गतिविधियों और कार्यशैली की सराहना की। समारोह में कलाकारों एवं अतिथियों का अंगवस्त्र, माला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

विभिन्न कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में आरके वर्मा (अंबाला), कृष्ण कुमार (बराड़ा), वनीता, चंदा, आरती, विद्या, सुजाता, अजीर, देवांश, तनय, शिव्या, नौम्या, आरुषी, परी, शेव डसूजा, शिवराज, पूनम गर्ग, मीरा, रचना चावला, दीप चंद, वेद प्रकाश आदि उपस्थित रहे। अंत में संस्था के निर्देशक एवं सचिव योगेश पंवार ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply