यूपी में बदला मौसम, नोएडा-गाजियाबाद में तेज आंधी के साथ हुई बारिश, लखनऊ में भी छाए बादल

यूपी में बदला मौसम, नोएडा-गाजियाबाद में तेज आंधी के साथ हुई बारिश, लखनऊ में भी छाए बादल

उत्तर प्रदेश में मौसम एकदम बदल गया है, बुधवार की सुबह पश्चिमी यूपी खासतौर से नोएडा, ग़ाज़ियाबाद, मेरठ और सहारनपुर समेत कई जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज हवाओं के साथ बारिश हुई हैं. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली हैं. मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले कुछ दिन आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है.

मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के दोनों ही संभागों में कहीं-कहीं बारिश के आसार बने हुए हैं. इस दौरान कई जिलों में तेज आंधी बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मथुरा, हाथरस और आगरा समेत कई जगहों पर  बारिश का असर देखने को मिल सकता है. यहां 30-40 किमी की रफ़्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चलने की संभावना है.

नोएडा-गाजियाबाद में आंधी के साथ बारिश

दिल्ली से सटे नोएडा-गाजियाबाद में आज सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए है और कई जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है और अधिकतम तापमान में भी कमी आई है. वहीं आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर और दूसरे जनपदों में भी बादलों की आवाजाही शुरू हो गई हैं.

लखनऊ में छाए आंशिक तौर पर बादल

मौसम में आए इस बदलाव का असर राजधानी लखनऊ में भी देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने यहां भी गर्मी से राहत के संकेत दिए हैं. यहां सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए हैं. आज दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, कही-कहीं बारिश के आसार बन रहे है. लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहेगा जो बीते दिनों के मुकाबले 5-6 डिग्री तक कम हो गया है.

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 29 अप्रैल से 2 मई तक पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और आंधी का दौर जारी रहेगा. कहीं-कहीं 40-50 किमी की रफ़्तार से धूलभरी हवाएं चलने का भी अलर्ट दिया गया है. बारिश की वजह से अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की गिरावट आने की  संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान में भी कमी आएगी.

Leave a Reply