US में तकनीकी खराबी से भारत-अमेरिका उड़ानों पर भी संकट, एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

US में तकनीकी खराबी से भारत-अमेरिका उड़ानों पर भी संकट, एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संचार सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को सुरक्षा कारणों से देशभर के हवाई अड्डों से उड़ानों के प्रस्थान पर अस्थायी रोक लगानी पड़ी। इस तकनीकी गड़बड़ी का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ने की आशंका है। भारत और अमेरिका के बीच संचालित होने वाली उड़ानों को लेकर भी यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।

अमेरिका के परिवहन विभाग के मुताबिक, देश के सभी 22 क्षेत्रीय एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में संचार संबंधी समस्या सामने आई। इसके बाद FAA ने शुक्रवार को देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप लागू किया। इस दौरान हवा में मौजूद विमानों को सुरक्षित उतारने की अनुमति दी गई, जबकि नई उड़ानों के प्रस्थान पर रोक लगाई गई।

हजारों उड़ानें प्रभावित, यात्रियों को हुई परेशानी

इस तकनीकी खराबी के कारण अमेरिका में हजारों उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा। शुरुआती आंकड़ों में बड़ी संख्या में उड़ानों के रद्द और विलंबित होने की जानकारी सामने आई। बाद में FAA ने करीब साढ़े चार घंटे बाद ग्राउंड स्टॉप हटाने की घोषणा की। हालांकि, विमानों और क्रू की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण सप्ताहांत तक उड़ानों के शेड्यूल पर असर बने रहने की आशंका जताई गई।

एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

इसी बीच एयर इंडिया ने वैश्विक माइक्रोसॉफ्ट सर्विस आउटेज को लेकर भी यात्रियों को एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी समस्या के कारण ईमेल सेवाओं में व्यवधान की आशंका थी। इससे निपटने के लिए ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे माध्यम से रूट किया गया है।

एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि उसकी उड़ान सेवाओं और ग्राहक सहायता के अन्य माध्यमों पर इस समस्या का असर नहीं पड़ा है। वॉयस सपोर्ट, AI सहायता, सोशल मीडिया और यात्रियों को भेजे जाने वाले नोटिफिकेशन सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। एयरलाइन ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

यात्रियों को दी गई ये सलाह

अमेरिका जाने या वहां से भारत आने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। उड़ानों में देरी या समय में बदलाव होने की स्थिति में एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट और संचार माध्यमों पर अपडेट देखते रहें।

 

Leave a Reply