सांसद की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा रैली

- सहारनपुर में अम्बेहटा पीर में हर घर तिरंगा अभियान रैली निकालते सांसद प्रदीप चौधरी।
सहारनपुर [24CN]। देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के अंतर्गत कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी के नेतृत्व में भाजपाइयों व ग्रामीणों द्वारा गंगोह विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकाली गई।
गंगोह विधानसभा के कस्बा अम्बेहटा पीर में कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी के नेतृत्व उमड़े जनसैलाब में शामिल लोगों ने बाइकों पर तिरंगे झंडे लेकर यात्रा का शुभारम्भ किया। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीतों पर झूमते नजर आए। तिरंगा रैली गंगोह विधानसभा के विभिन्न गांवों व कस्बों से होती हुई नानौता पहुंची जहां भाजपाइयों द्वारा गर्मजोशी के साथ तिरंगा रैली का स्वागत किया।
रैली में शामिल युवाओं को सम्बोधित करते हुए सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान व शान है जो प्रत्येक देशवासी को अपनी जान से भी प्यारा है। उन्होंने कहा कि देश को असंख्य शहीदों की कुर्बानी की बदौलत आजादी मिली थी जिसे अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की भी अपील की।
इस दौरान पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा, चौ. गजेंद्र पंवार, सुशील कम्हेड़ा, पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह, अजय रोहिला, निशांत मित्तल, अनूप सैनी, सुशील पंवार, सुभाष चौधरी, जितेंद्र कुमार, अक्षय चौधरी, सुभाष नौटियाल, सतीश, संजय, सत्यपाल सिंह, करेशन चौधरी, विकास चौधरी समेत भारी संख्या में ग्रामीण व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।