दिल्ली में छाया सांसों पर संकट, 300 पार पहुंचा AQI; इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण

दिल्ली में छाया सांसों पर संकट, 300 पार पहुंचा AQI; इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण
  • दिल्ली में मौसम में बदलाव के साथ साथ राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को आलम यह है कि शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी खराब बनी रही। एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआइ 261 रहा। इस स्तर की हवा को बहुत खराब श्रेणी में रखा जाता है। बृहस्पतिवार को 256 रहा था।

नई दिल्ली। मौसम में बदलाव के साथ साथ राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को आलम यह है कि शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी ”खराब” बनी रही। दिल्ली के नौ इलाकों की हवा ”बहुत खराब” श्रेणी में पहुंच गई। इन सभी जगह का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 300 के पार चला गया।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के मुताबिक अभी खराब हवा से राहत मिलने के आसार कम ही हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआइ 261 रहा। इस स्तर की हवा को ”बहुत खराब” श्रेणी में रखा जाता है। बृहस्पतिवार को 256 रहा था।

खराब श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण

चौबीस घंटे के भीतर इसमें पांच अंकों की बढ़ोतरी हुई है। वहीं एनसीआर के शहरों में शुक्रवार को फरीदाबाद का एक्यूआइ 235, गाजियाबाद का 227, ग्रेटर नोएडा का 280, गुरुग्राम का 224 जबकि नोएडा का 220 दर्ज किया गया। सभी जगहों का एक्यूआइ ”खराब” श्रेणी में ही रिकार्ड किया गया।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के मुताबिक अगले चार-पांच दिनों के बीच हवा की दिशा उत्तरी पश्चिमी रहने और हवा की रफ्तार ज्यादातर समय दस किमी प्रति घंटे से कम रहने के आसार हैं। इसके चलते प्रदूषक कणों का बिखराव धीमा रहेगा और हवा की गुणवत्ता ”खराब” या ”बहुत खराब” श्रेणी में ही रहेगी।

यहां की हवा रही सबसे खराब

  1. शादीपुर-321
  2. नेहरू नगर-335
  3. जहांगीरपुरी-318
  4. रोहिणी-322
  5. बवाना-306
  6. मुंडका-303
  7. आनंद विहार-332
  8. बुराड़ी-307
  9. न्यू मोती बाग-348

अधिकतम पारा सामान्य, न्यूनतम रहा सामान्य से कम

शुक्रवार को भी मौसम का थोड़ा मिश्रित मिजाज रहा। अधिकतम तापमान सामान्य जबकि न्यूनतम सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि हाल फिलहाल ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इसमें अधिक बदलाव नहीं होगा। शुक्रवार की सुबह हल्की धुंध रही, लेकिन दिन में आंशिक बादल भी छाते रहे।

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 91 से 27 प्रतिशत तक रहा। रिज क्षेत्र और मुंगेशपुर की सुबह सबसे ठंडी रही, जहां का न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार सुबह हल्की धुंध देखने को मिलेगी, जबकि दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे