सूर्यकुमार यादव ने परिवार के साथ पीएम मोदी से की मुलाकात, बच्ची का गाना सुन बजाई तालियां
क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान उनकी पत्नी के साथ एक बच्ची भी मौजूद थी. बच्ची ने प्रधानमंत्री मोदी को भजन सुनाया, जिसे सुनकर पीएम मोदी ने तालियां बजाकर उसका उत्साह बढ़ाया. प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “दीपावली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है. इससे दीपावली का वातावरण और भी पावन एवं दिव्य हो गया है.”
प्रधानमंत्री ने बच्ची से सुना भजन
यह मुलाकात प्रधानमंत्री आवास पर हुई, जहां सूर्यकुमार यादव के परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक बच्ची से भजन भी सुना. भजन सुनकर पीएम मोदी काफी खुश नजर आए. बता दें कि सूर्यकुमार यादव फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपना पिछला मुकाबला टी20 विश्व कप 2026 में खेला था. उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था.
सूर्यकुमार ने भारत के लिए कितने अंतरराष्ट्रीय मैच खेले?
सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के लिए अब तक एक टेस्ट, 37 वनडे और 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं. टी20 में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने 113 मैचों में 36.36 की औसत और 162.95 के स्ट्राइक रेट से 3,272 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 25 अर्धशतक और चार शतक निकले हैं. वहीं, 37 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 25.77 की औसत से 773 रन बनाए हैं, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं. टेस्ट क्रिकेट में सूर्यकुमार ने एक मैच खेला है और उनके नाम आठ रन दर्ज हैं.
बतौर कप्तान कैसा रहा सूर्यकुमार का रिकॉर्ड?
सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टी20 टीम की 52 मुकाबलों में कप्तानी की है. उनकी अगुवाई में भारत ने 40 मैचों में जीत दर्ज की, जबकि आठ मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा. दो मैच टाई रहे और दो का कोई नतीजा नहीं निकला. उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने अब तक कोई द्विपक्षीय टी20 सीरीज या मल्टी टीम टूर्नामेंट नहीं गंवाया है. ऐसे में उन्हें टीम से बाहर किए जाने पर फैंस ने नाराजगी जताई थी और इस फैसले का विरोध भी किया था.
