पटियाला में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 कोच में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी; सामान छोड़कर कई यात्री ट्रेन से कूदे
पंजाब के पटियाला में एक ट्रेन में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक, राजपुरा रेलवे स्टेशन के पास सराय बंजारा गांव के नजदीक कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गई। आग लगने से ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए। यह ट्रेन अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। आग लगने के बाद ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया। डिब्बों से धुआं निकलता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर आए। बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए कई लोग सामान छोड़कर ट्रेन से कूद गए। घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ यात्रियों के घायल होने की खबर है। हालांकि नॉर्दर्न रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने किसी के हताहत होने से इनकार किया है। नॉर्दर्न रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सेफ्टी सिस्टम एक्टिवेट होने के बाद ट्रेन सुरक्षित रूप से रुक गई। आग पर काबू पाने का काम चल रहा है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलती है ट्रेन
मिली जानकारी के अनुसार, अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के इंजन से पांचवें डिब्बे में आग लगने की सूचना मिली। सूत्रों के मुताबिक, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मौके की तस्वीरों में कई डिब्बों से आग की लपटें और धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद रेलवे अधिकारी और आपातकालीन कर्मी मौके पर पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि अमृतसर से चली यह ट्रेन बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास आग की चपेट में आ गई। यह जगह एक गांव के करीब और राजपुरा से लगभग 15 किलोमीटर दूर है। इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने या जान जाने की कोई खबर नहीं है।
