सोनिया गांधी की किताब आ रही आज, इमरजेंसी और मेनका से रिश्तों समेत वो 10 सवाल जिनके मिलेंगे जवाब
नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ आज से बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। 544 पन्नों की इस पुस्तक को हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने प्रकाशित किया है। इसमें 79 वर्षीय सोनिया गांधी ने अपनी किशोरावस्था से लेकर भारत में बिताए लंबे राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन के अनुभवों को साझा किया है।
सोनिया गांधी ने पिछले दिनों सोशल मीडिया पर अपनी किताब को लेकर लिखा था कि अब तक उनके बारे में बहुत कुछ कहा और लिखा गया है, लेकिन अब उनकी बारी है कि वह दुनिया को अपनी कहानी सुनाएं। इस पुस्तक में उनके निजी जीवन के साथ-साथ गांधी परिवार और देश की राजनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं का जिक्र है।
किताब के सामने आने से पहले ही इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बनी हुई है। खासतौर पर आपातकाल, इंदिरा गांधी, संजय गांधी, मेनका गांधी और राजीव गांधी से जुड़े प्रसंगों को लेकर पाठकों की दिलचस्पी है। आइए जानते हैं उन 10 अहम सवालों के बारे में, जिनके जवाब इस पुस्तक में तलाशे जाएंगे।
1. आपातकाल को लेकर गांधी परिवार की क्या थी राय?
भारतीय राजनीति में 1975 में लगाया गया आपातकाल आज भी एक विवादित अध्याय माना जाता है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के इस फैसले की देशभर में आलोचना हुई थी। ऐसे में सवाल है कि आपातकाल लगाने के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और गांधी परिवार के दूसरे सदस्य इस फैसले को किस नजर से देखते थे? सोनिया गांधी ने अपनी किताब में इस दौर को लेकर क्या लिखा है, इस पर सबकी नजर रहेगी।
2. इटली में कैसा था सोनिया गांधी का बचपन?
भारत आने से पहले सोनिया गांधी का जीवन इटली में बीता था। उनकी किशोरावस्था, परिवार, परिजनों और शुरुआती जीवन के अनुभवों के बारे में लोगों को सीमित जानकारी है। राजीव गांधी से मुलाकात से पहले उनकी जिंदगी कैसी थी और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का उनका सफर कैसे शुरू हुआ, इसका विवरण पुस्तक में मिलने की उम्मीद है।
3. कैम्ब्रिज में कैसे हुई राजीव गांधी से पहली मुलाकात?
सोनिया गांधी और राजीव गांधी की प्रेम कहानी हमेशा चर्चा में रही है। वर्ष 1965 में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में दोनों की मुलाकात एक साझा मित्र के माध्यम से हुई थी। उस समय सोनिया 19 वर्ष की थीं। पहली मुलाकात से लेकर दोस्ती और फिर शादी तक का सफर किस तरह आगे बढ़ा, इसे लेकर पुस्तक में उनके व्यक्तिगत अनुभव पढ़ने को मिल सकते हैं।
4. भारत आने के बाद कौन बने सोनिया गांधी के करीबी?
राजीव गांधी से शादी के बाद वर्ष 1968 में सोनिया गांधी भारत आई थीं। एक नए देश, नई संस्कृति और नए परिवार में खुद को ढालना उनके लिए कैसा अनुभव था? उन्होंने हिंदी कैसे सीखी, भारतीय पहनावे और रहन-सहन को कैसे अपनाया और इस दौरान किन लोगों से उनकी नजदीकियां बढ़ीं? इन पहलुओं पर भी पाठकों की नजर रहेगी।
5. इंदिरा और मेनका गांधी के साथ कैसे थे रिश्ते?
गांधी परिवार में सोनिया गांधी की अपनी सास इंदिरा गांधी के साथ नजदीकियों की चर्चा होती रही है। वहीं मेनका गांधी के साथ उनके संबंधों को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। मेनका और सोनिया के बीच रिश्तों में किस तरह की परिस्थितियां रहीं? इंदिरा गांधी के साथ उनकी पारिवारिक केमिस्ट्री कैसी थी? इस बारे में सोनिया गांधी का व्यक्तिगत नजरिया जानना दिलचस्प होगा।
6. संजय गांधी और राजीव गांधी के बीच कैसे थे संबंध?
आपातकाल के दौरान संजय गांधी की भूमिका और उनके फैसलों को लेकर काफी विवाद हुआ था। खासतौर पर नसबंदी अभियान को लेकर उनकी भूमिका चर्चा में रही। ऐसे में सवाल है कि उस दौर में संजय और राजीव गांधी के बीच कैसे संबंध थे? दोनों भाइयों की राजनीतिक सोच और विचारों में कितना अंतर था? सोनिया गांधी ने इन घटनाओं को किस तरह देखा, यह पुस्तक का महत्वपूर्ण पहलू हो सकता है।
7. इंदिरा गांधी की हत्या के बाद परिवार में क्या हुआ था?
31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया। इसके बाद राजीव गांधी को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। बताया जाता है कि उस समय सोनिया गांधी नहीं चाहती थीं कि राजीव गांधी प्रधानमंत्री बनें। आखिर उस मुश्किल दौर में परिवार के भीतर क्या परिस्थितियां थीं और सोनिया गांधी की क्या सोच थी? इस पर किताब में कई महत्वपूर्ण बातें सामने आ सकती हैं।
8. राजीव गांधी की हत्या के बाद क्यों आया इटली लौटने का विचार?
21 मई 1991 को राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी के जीवन में एक बड़ा खालीपन आ गया था। इस मुश्किल समय में उनके सामने भारत में रहने या अपने परिवार के पास इटली लौटने का विकल्प था। बताया जाता है कि उनके परिजनों ने भी उन्हें इटली लौटने के लिए कहा था। इसके बावजूद उन्होंने भारत में रहने का फैसला क्यों किया और राजनीति से दूर रहने के बाद आखिरकार सार्वजनिक जीवन में कैसे लौटीं, इसका जवाब भी पुस्तक में तलाशा जाएगा।
9. किन परिस्थितियों में कांग्रेस अध्यक्ष बनीं और क्यों ठुकराया प्रधानमंत्री पद?
सोनिया गांधी ने वर्ष 1997 में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ली और 1998 में पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। उस समय कांग्रेस राजनीतिक चुनौतियों से जूझ रही थी। आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने राजनीति में आने का फैसला लिया और पार्टी की कमान संभाली? वर्ष 2004 में यूपीए की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने के बजाय डॉ. मनमोहन सिंह को इस जिम्मेदारी के लिए क्यों चुना? इन सवालों पर भी पुस्तक में उनके अनुभव महत्वपूर्ण होंगे।
10. यूपीए सरकार के कामकाज में कब और क्यों देना पड़ा दखल?
वर्ष 2004 से 2014 तक केंद्र में यूपीए की सरकार रही। इस दौरान सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष होने के साथ यूपीए की चेयरपर्सन भी थीं। सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों में उनकी क्या भूमिका रहती थी? तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ उनके संबंध कैसे थे और किन परिस्थितियों में उन्हें सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप करना पड़ा? इन सवालों के जवाब जानने के लिए भी पाठक उत्सुक हैं।
गांधी परिवार के इतिहास को समझने का मिलेगा मौका
सोनिया गांधी की यह पुस्तक केवल उनके व्यक्तिगत जीवन की कहानी नहीं है, बल्कि इसमें उस दौर की राजनीति, पारिवारिक रिश्तों और देश के महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रमों को करीब से देखने का अवसर भी मिलेगा। अब पुस्तक के बाजार में आने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि सोनिया गांधी अपने जीवन के किन अनुभवों और अनछुए पहलुओं को सार्वजनिक करती हैं।
