INDIA गठबंधन की रैली पर बीजेपी के दावे से भड़के संजय राउत, बोले- भाजपा को कराएंगे नेत्रदान

INDIA गठबंधन की रैली पर बीजेपी के दावे से भड़के संजय राउत, बोले- भाजपा को कराएंगे नेत्रदान

दिल्ली के रामलीला मैदान में कथित वोट चोरी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन की महारैली के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। रैली में 10 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया था। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और NDA के सहयोगी दलों ने रैली में उम्मीद से काफी कम भीड़ जुटने का दावा किया। अब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बीजेपी पर तंज कसते हुए उसे नेत्रदान कराने की बात कही है।

संजय राउत ने कहा कि उनकी पार्टी और विपक्षी दल मिलकर बीजेपी को नेत्रदान कराएंगे, ताकि उसे दिल्ली में हुई बड़ी रैली दिखाई दे सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हम एक मुहिम चालू करेंगे। हम सब मिलकर बीजेपी को नेत्रदान करेंगे। दिल्ली में इतनी बड़ी रैली हुई, बीजेपी को दिखती ही नहीं है। इसके लिए उन्हें नेत्रदान करना पड़ेगा।”

10 लाख लोगों के जुटने का किया गया था दावा

दरअसल, रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों ने कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग के खिलाफ महारैली आयोजित की थी। इस रैली में बड़ी संख्या में विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। आयोजकों की ओर से रैली में 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया गया था।

वहीं, बीजेपी और NDA के नेताओं ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी की रैली में उम्मीद के मुताबिक भीड़ नहीं जुटी। इसी बयानबाजी के बीच संजय राउत ने बीजेपी पर निशाना साधा है।

रैली के चलते दिल्ली में लगा भारी जाम

रामलीला मैदान में आयोजित रैली का असर दिल्ली की यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। रैली के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रतिबंध लागू किए थे। रविवार शाम आईटीओ समेत कई प्रमुख सड़कों और चौराहों पर भारी जाम लग गया।

दिल्ली यातायात पुलिस ने रैली से पहले एडवाइजरी जारी कर लोगों को प्रभावित मार्गों, यातायात प्रतिबंधों और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी दी थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही के कारण कई व्यस्त मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही।

यातायात को नियंत्रित करने और लोगों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इस दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply