‘मुचुआ भी जाएंगे और जुमलू भी’, रामलीला मैदान की रैली के बाद बोले अखिलेश यादव

‘मुचुआ भी जाएंगे और जुमलू भी’, रामलीला मैदान की रैली के बाद बोले अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन की महारैली के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो जाएंगे ही, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नहीं बचेंगे। इसके साथ ही उन्होंने इंडिया गठबंधन की एकजुटता को लेकर भी अपना पक्ष रखा।

दरअसल, अखिलेश यादव रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर हमला बोला। देर शाम लखनऊ लौटने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री योगी पर फिर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने CM योगी पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा। उन्होंने अपने पोस्ट में इंडिया गठबंधन के समर्थन में भी नारा लगाया।

इससे पहले रामलीला मैदान में आयोजित महारैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने बीजेपी पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अन्याय और बेईमानी की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। उनके मुताबिक, जनता में बीजेपी के खिलाफ नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

1.27 करोड़ वोट कटने के दावे पर CM योगी से पूछा सवाल

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के वोट कटने की बात कही गई थी। सपा अध्यक्ष ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला? उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य जानकारी नहीं है, जो अचानक किसी को मिल जाए। ऐसे में इस आंकड़े के स्रोत को लेकर भी सवाल उठने चाहिए।

वाराणसी MLC चुनाव में बीजेपी की हार का किया जिक्र

महारैली के दौरान अखिलेश यादव ने वाराणसी एमएलसी चुनाव में बीजेपी की हार का भी जिक्र किया। उन्होंने बीजेपी के डबल इंजन सरकार के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि जो पार्टी डबल इंजन की बात करती है, उसका वाराणसी में डबल जीरो हो गया।

सपा अध्यक्ष के इन बयानों के जरिए एक बार फिर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), चुनाव आयोग और बीजेपी को लेकर विपक्ष की रणनीति सामने आई है।

Leave a Reply