राहुल गांधी की विपक्ष से अपील, ‘एक ही प्रोटेस्ट, लाठियों की चिंता नहीं, BJP में हिम्मत नहीं’
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के खिलाफ इंडिया गठबंधन की रैली से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विपक्षी दलों और छात्र संगठनों से बड़ी अपील की है. उन्होंने कहा कि चलो दिल्ली रामलीला मार्च, लोकतंत्र को बचाने का, वोट चोरी को रोकने का, संविधान को बचाने का मार्च है. यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं – यह हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है.
राहुल गांधी ने कहा, ”सब लोग जो नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार से तंग हैं. सब लोग जो लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, आप सब आइए. एक ही प्रोटेस्ट है- देश का प्रोटेस्ट है.”
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ”पुलिस की चिंता मत करो, लाठियों की चिंता मत करो-बीजेपी में उनकी कोई भी हरकत आजमाने की हिम्मत नहीं होगी. आइए हमारे साथ चलें – हम संविधान की रक्षा के लिए, भारतीय राष्ट्र की रक्षा के लिए एक साथ चलेंगे. डरने की जरूरत नहीं है.”
राहुल गांधी ने कहा, ”मैं सभी छात्र समूहों से आग्रह करता हूं, चाहे आपकी राजनीतिक संबंध कुछ भी हो-अगर आपको लगता है कि भारत पर हमला हो रहा है, अगर आपको लगता है कि आप पर हमला हो रहा है, आपकी अभिव्यक्ति, आपके विचारों, आपके सोचने के तरीके पर हमला हो रहा है, तो आएं और हमारे साथ जुड़ें. यह एक शानदार मार्च होगा और यह इस देश की आत्मा के लिए एक मार्च है. आप सभी को वहां देखने के लिए उत्सुक हूं.”
इंडिया गठबंधन की दो प्रमुख मांगे हैं. पहला- ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और दूसरा एसआईआर पर रोक लगे. इसी मांग को लेकर रामलीला मैदान में एक नवंबर को इंडिया गठबंधन की रैली है. इससे पहले 30 अक्टूबर को विपक्षी दलों ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जनता का महाभियोग लाने का ऐलान किया है.
