पुणे हत्याकांड: शादी के लिए 17 करोड़ का महल बुक, फिर मंगेतर ने ही रच दी मौत की साजिश; पिता बोले- मना कर देती, बेटे की जान क्यों ली?

पुणे हत्याकांड: शादी के लिए 17 करोड़ का महल बुक, फिर मंगेतर ने ही रच दी मौत की साजिश; पिता बोले- मना कर देती, बेटे की जान क्यों ली?

मध्य प्रदेश के इंदौर में राजा रघुवंशी हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि महाराष्ट्र के पुणे से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं में समानता यह है कि हत्या का आरोप जीवनसाथी बनने वाले व्यक्ति पर लगा है। फर्क सिर्फ इतना है कि एक मामले में शादी के बाद पति की हत्या हुई, जबकि पुणे मामले में शादी से पहले ही मंगेतर की जान ले ली गई।

ट्रेकिंग हादसा समझी गई थी मौत, जांच में सामने आई साजिश

पुणे के प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखने वाले 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत शुरुआत में एक दर्दनाक हादसा मानी गई थी। 18 जून को वह अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ पुणे के पास स्थित ऐतिहासिक लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के लिए गए थे। बताया गया था कि फोटो खिंचवाने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गए।

हालांकि पुलिस जांच आगे बढ़ने पर मामले ने नया मोड़ ले लिया। जांच में सामने आया कि सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची थी और घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।

जयपुर में 17 करोड़ रुपये में बुक था शादी का महल

केतन और सिया की सगाई हो चुकी थी और दोनों की शादी इसी साल होने वाली थी। परिवार ने इस भव्य शादी के लिए राजस्थान के जयपुर में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत वाला एक आलीशान महल बुक किया था।

शादी से पहले दोनों बाली में प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए जाने वाले थे, लेकिन आखिरी समय में केतन का पासपोर्ट गायब होने के कारण यह यात्रा रद्द करनी पड़ी। जांच में पुलिस को इस घटना पर भी संदेह हुआ और इसे पूरी साजिश की कड़ी माना गया।

पहले भी हत्या की कोशिश कर चुकी थी सिया

पुलिस के मुताबिक, सिया ने केतन की हत्या की योजना पहले भी बनाई थी। वह 31 मई और 14 जून को भी केतन को लोहगढ़ किले पर लेकर गई थी और उस दौरान भी उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी, लेकिन वह अपने मकसद में सफल नहीं हो पाई। इन घटनाओं के दौरान केतन को अपनी मंगेतर पर किसी प्रकार का शक नहीं हुआ।

CCTV फुटेज से खुली पूरी साजिश

पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में किले तक जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज अहम सबूत साबित हुए। फुटेज में एक युवक उस जोड़े की गाड़ी का पीछा करता दिखाई दिया। तेज गर्मी के बावजूद हुडी पहनकर घूम रहे इस युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।

एक वीडियो में देखा गया कि सिया अचानक पीछे की ओर देखती है और उसी समय हुडी पहने युवक झुककर छिपने की कोशिश करता है। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और जांच में उसकी पहचान सिया के कथित प्रेमी चेतन चौधरी के रूप में हुई।

पुलिस की पूछताछ में सिया ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह इस शादी से खुश नहीं थी और शादी नहीं करना चाहती थी। इसके बाद उसने प्रेमी के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई।

बिलखते पिता बोले- शादी से इनकार कर देती, बेटे की जान क्यों ली?

केतन की मौत से परिवार सदमे में है। उनके पिता ने कहा, “अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो वह साफ मना कर सकती थी। हम तुरंत शादी रोक देते। आखिर किसी की जान लेने जैसा क्रूर कदम उठाने की जरूरत क्यों पड़ी? हमारे 26 साल के बेटे की जिंदगी खत्म कर दी गई। समाज को यह सोचने की जरूरत है कि ऐसी क्रूर मानसिकता आखिर कहां से आती है।”

कौन थे केतन अग्रवाल?

केतन अग्रवाल पुणे के उद्योगपति विशाल अग्रवाल के बेटे थे। वह परिवार के रियल एस्टेट कारोबार ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) के पद पर कार्यरत थे।

वह पुणे के मावल क्षेत्र की लोढ़ा बेलमोंडो हाउसिंग सोसायटी में रहते थे। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) की पढ़ाई की थी। केतन बिजनेस के साथ-साथ सस्टेनेबिलिटी और इनोवेशन से जुड़े प्रोजेक्ट्स में भी सक्रिय रुचि रखते थे।

Leave a Reply