मुंबई में पावर सप्‍लाई ठप, लोकल भी थमी; ऊर्जा मंत्री राउत बोले जल्‍द बहाल होगी बिजली

मुंबई में पावर सप्‍लाई ठप, लोकल भी थमी; ऊर्जा मंत्री राउत बोले जल्‍द बहाल होगी बिजली

मुंबई [24CN]। मुंबई में ग्रिड फेल होने के कारण अधिकतर इलाकों में बिजली की सप्लाई बाधित हो गयी है जिससे पूरे शहर के लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। इसका असर मुंबई उपनगरीय ट्रेन सेवा पर भी पड़ा है। बेस्ट ने टाटा की बिजली सप्लाई फेल होने पर खेद जताया है। ग्रिड फेल हो जाने के कारण मुंबई के कई इलाकों में पावर कट हो गया है। मुंबई में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने कहा है कि कलवा-पद्घे बिजलीघर के सर्किट- 2 में एक तकनीकी गड़बड़ के कारण, ठाणे और मुंबई के बीच के क्षेत्र बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। हमारे कर्मचारी इस पर काम कर रहे हैं और एक घंटे या 45 मिनट में बिजली बहाल कर दी जाएगी।

आपातस्थिति के लिए बीएमसी ने जारी किये फोन नंबर 

बृहन्मुंबई नगर निगम ने लोगों की सुविधा के लिए फोन नंबर जारी किये हैं, बीएमसी का कहना है कि मुंबई क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति की विफलता के कारण, निवासियों से अनुरोध है कि आपात स्थिति के मामले में 022-22694727, 022-226947725 और 022-22704403 पर कॉल करें।

रेलवे स्‍टेशनों पर फंसे यात्रियों को है ट्रेन का इंतजार 

छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों ने बताया कि ग्रिड फेल होने के बाद बिजली आउटेज के कारण मुंबई की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बाधित हो गयी है, “हम सुबह 10:00 बजे से यहां फंसे हुए हैं।” बिजली कब तक आएगी इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पायी है। इस संबंध में बेस्ट इलेक्ट्रिसिटी द़वारा जारी ट्वीट में कहा गया है कि टाटा इनकमिंग की इलेक्ट्रिक आपूर्ति बाधित होने कारण शहर में बिजली सप्‍लाई करने में रुकावट आ रही है। नवी मुंबई और ठाणे में भी बिजली पूरी तरह से ठप हो गयी है। मिली जानकारी के अनुसार बिजली पूरी तरह बहाल होने में 2 घंटे से अधिक समय लग सकता है। कोरोना महामारी से कराह रहे लोगों के इलाज के लिए कोविड अस्पतालों में फिलहाल पावर बैकअप के जरिये काम चल रहा है

सोशल मी‍डिया पर शेयर हो रही हैं तस्‍वीरें  

मुंबई एक ऐसा शहर है जिसमें 24 घंटे बिजली रहती है ऐसी जगह अगर बिजली अचानक ठप हो जाये तो यहां रहने वाले लोगों का क्‍या हाल हो रहा होगा आप समझ सकते हैं। सुबह का समय होने के कारण घर का हर काम प्रभावित हो रहा है परेशान लोग सड़कों पर उतर आये और बिजली कब तक आयेगी पता लगाने में लगे हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार बिजली आने में थोड़ा समय लग सकता है। ट्विटर पर भी मुंबई की बिजली अचानक गुल होने पर मुंबई ट्रेंड कर रहा है। युवा वर्ग इसे लेकर मीम्‍स बना रहा है और शेयर कर रहा है। बिजली के कारण घरों और रेलवे स्‍टेशन पर फंसे लोग लगातार सोशल मीडिया पर तस्‍वीरें शेयर कर रहे हैं।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे