बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा, अवामी लीग समर्थकों ने BNP सांसद का घर जलाया
ढाका: बांग्लादेश में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं, खासकर गोपालगंज में, जहां अवामी लीग के समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। मंगलवार रात को, अवामी लीग कार्यकर्ताओं ने सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के सांसद एसएम जिलानी के घर में आग लगा दी। इसके साथ ही तुंगीपाड़ा पुलिस स्टेशन को भी निशाना बनाया गया, जहां आगजनी की गई।
हिंसा की शुरुआत तब हुई जब तुंगीपाड़ा पुलिस ने अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। इस घटना के बाद, मस्जिदों के लाउडस्पीकरों से ऐलान किया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में अवामी लीग कार्यकर्ता पुलिस स्टेशन पर इकट्ठा हुए और उस पर धावा बोल दिया। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया गया और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ाया गया।
इस दौरान, ढाका-बरिसाल हाईवे पर तीन बाइक में आग लगा दी गई, जिससे कृषक दल के नेता राजू मुल्ला की मौत हो गई। यह दल BNP की किसान शाखा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर अवामी लीग और शेख हसीना के समर्थन में नारे लगा रहे थे।
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहु्द्दीन अहमद ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गोपालगंज के निवासियों से अपील की है कि वे सीमा पार से आ रहे उकसावों के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि इलाके में सुरक्षा बल तैनात हैं, लेकिन जान-माल के नुकसान से बचने के लिए सख्त कार्रवाई नहीं की गई। मंत्री ने चेतावनी दी कि वीडियो फुटेज के जरिए हमले में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी।
BNP के कार्यवाहक महासचिव रूहुल कबीर रिजवी ने आरोप लगाया कि सत्ता में लौटने के लिए कच्चे बम धमाकों और पुलिस चौकियों पर हमलों का सहारा लिया जा रहा है। बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव चरम पर है, और पिछले कुछ दिनों से बम धमाकों और आगजनी की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे देश की राजनीतिक स्थिरता पर सवाल उठ रहे हैं।
