PM मोदी ने ओडिशा को दी 47 हजार करोड़ की विकास सौगात, बोले- यह लोकतंत्र और विकास का उत्सव

PM मोदी ने ओडिशा को दी 47 हजार करोड़ की विकास सौगात, बोले- यह लोकतंत्र और विकास का उत्सव

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा दौरे के दौरान राज्य को करीब 47 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि ओडिशा इस समय उत्सवों की भावना से सराबोर है और यहां सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ लोकतंत्र और विकास का उत्सव भी मनाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 68वें जन्मदिन के अवसर पर उनके गृह क्षेत्र मयूरभंज जिले पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने पहाड़पुर में पवित्र संताली जाहेरा और हो जाहेरा स्थलों पर पूजा-अर्चना की तथा आदिवासी समुदायों की पारंपरिक प्रकृति पूजा में भाग लिया। उन्होंने स्थानीय स्कूल और कौशल विकास केंद्र का भी दौरा किया, जहां आदिवासी बच्चों की शिक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली।

इसके बाद प्रधानमंत्री रायरंगपुर में ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘विकास रा धारा, ओडिशा सारा’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में हाल ही में रज पर्व धूमधाम से मनाया गया है और भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की तैयारियां भी जोरों पर हैं। ऐसे शुभ माहौल के बीच विकास और लोकतंत्र का यह उत्सव राज्य के लिए एक नई ऊर्जा लेकर आया है।

प्रधानमंत्री ने ओडिशा की भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि मयूरभंज की धरती से उनका विशेष लगाव है और यहां के लोगों का स्नेह उन्हें बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने संथाली भाषा में भारत का संविधान उपलब्ध कराया है और ओडिशा की कई महान विभूतियों को पद्म सम्मान देकर गौरवान्वित किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा की बेटी आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठकर राष्ट्र का मार्गदर्शन कर रही हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने राष्ट्रपति के व्यक्तित्व, सादगी और समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पहाड़पुर में राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा स्थापित स्कूल में बच्चों से मुलाकात उनके लिए भावुक और प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर राष्ट्रपति के प्रति ऐसा अपनापन था, जैसे उनके बीच कोई संवैधानिक प्रमुख नहीं बल्कि परिवार का सदस्य मौजूद हो।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जिन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है, उन पर लगभग 47 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें बिजली, सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी कई अहम योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ओडिशा के प्राकृतिक संसाधनों को विकास की नई संभावनाओं में बदलने का काम कर रही है। राज्य में उद्योगों और निवेश को बढ़ावा देने के लिए ‘उत्कर्ष ओडिशा’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक करीब 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जबकि साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की कई बड़ी परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

Leave a Reply