नानौता के इतिहास में पहली बार बनेगी, ओबीसी महिला ब्लॉक प्रमुख

  • मौजूदा ब्लॉक प्रमुख थी चांदनी राणा, लगातार तीसरी बार महिला बनेगी नानौता ब्लॉक प्रमुख

बडगांव/सहारनपुर [24CN] । विकास खंड में विकास का खाका खींचने वाली सबसे अहम कुर्सी पर पहली बार कोई पिछडा वर्ग की महिला ब्लॉक प्रमुख बनने जा रही हैं। वजह है शासन ने नानौता ब्लॉक प्रमुख सीट को ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किया हैं। सियासत के कद व रसूख की पर्याय वाली इस सीट पर लगातार तीसरी बार प्रमुख पद की इस अहम कुर्सी पर महिला ही आसीन होगी।

नानौता विकास खंड प्रमुख पद के इतिहास में ओबीसी महिला वर्ग की महिला के लिए सीट पहली बार आरक्षित हुई हैं। नानौता ब्लॉक प्रमुख पद पर सबसे पहले महिला सामान्य सीट से नीलम राणा पत्नि देवपाल राणा वर्ष 2011 में चुनकर पहली बार पहुंची थी, जिसके बाद वर्ष 2016 में सामान्य सीट पर महिला श्रीमति चांदनी राणा पत्नि ऋषिपाल राणा ने चुनाव जीतकर ब्लॉक प्रमुख की कमान संभाली। जबकि इससे पूर्व वर्ष 2006 में अनुसूचित जाति वर्ग से जडौदापांडा निवासी अमर सिंह फौजी ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं।

हर बार वर्चस्व की सीट रही है नानौता ब्लॉक……क्षेत्र पंचायत नानौता में अभी तक 9 ब्लॉक प्रमुख बने हैं। वर्ष 1995 में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे ठाकुर गजेन्द्र सिंह नानौता ब्लॉक प्रमुख बने। तभी से इस सीट पर प्रमुख पद को लेकर तभी से इससे लेकर काफी संघर्ष देखने को मिल रहा हैं। उम्मीदवार नानौता ब्लॉक के इस पद को प्राप्त करने के लिए पैसे को पानी की तरह बहा रहे है, परिणाम चाहे बाद में कुछ भी रहे हो।

नानौता ब्लॉक में 48 वर्षो का इतिहास…..क्षेत्र पंचायत नानौता पहली बार वर्ष 1972 में अपने अस्तित्व में आई इस चुनाव में पहली बार ठाकुर मानसिंह ब्लॉक प्रमुख बने और लगातार वर्ष 1983 तक यानि दो बार प्रमुख पद पर कार्यरत रहे। इसके बाद वर्ष 1984 में गांव टिकरोल निवासी सुरेशपाल सिंह भी लगातार दो बार ब्लॉक प्रमुख पद वर्ष 1995 तक कायम रहे। इसी तरह वर्ष 1995 में गांव भारीदीनदारपुर निवासी ठा. गजेन्द्र सिंह, वर्ष 2001 में गांव खुडाना निवासी कृष्ण कुमार पुंडीर, वर्ष 2006 में अनुसूचित वर्ग से अमरसिंह फौजी, वर्ष 2011 में बडगांव क्षेत्र के गांव बढेडी निवासी नीलम राणा पत्नी देवपाल राणा व वर्ष 2016 में भी बडग़ांव क्षेत्र की मुश्कीपुर निवासी ठाकुर चांदनी राणा पत्नि ऋषिपाल राणा नानौता ब्लॉक प्रमुख बनी। वहीं इस बार नानौता ब्लाक प्रमुख पद ओबीसी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित हुआ हैं।