प्रदेश के सभी जनपदों में शीघ्र खोले जाएंगे व्यापारी सुविधा केंद्रः अग्रवाल

- देवबंद: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधमंडल के प्रदेश महामंत्री लोकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की समस्या और उनके समाधान के लिए जल्द ही प्रदेश के सभी जनपदों में व्यापारी सुविधा केंद्र खोले जाएंगे।
देवबंद [24CN] : शनिवार को कैलाशपुरम में संगठन के नगर अध्यक्ष विपिन गर्ग के आवास पर आयोजित व्यापारियों की बैठक में लोकेश अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल व्यापारियों की समस्याओं को लेकर बेहद संजीदा है। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही प्रदेश के सभी जनपदों में व्यापारी सुविधा केंद्र खोले जाने की योजना है। इसके साथ ही कोरोना महामारी के चलते व्यापारियों को हुई दिक्कतों को देखते हुए संगठन ने व्यापारियों की सुविधा के लिए हर तीसरे माह लाइसेंस शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह में नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें नए सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई जाएगी। नगर अध्यक्ष विपिन गर्ग ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कर रहा है। अध्यक्षता लोकेश अग्रवाल व संचालन संदीप शर्मा एड. ने किया। बैठक में प्रदेश मंत्री हरिओम सिंघल, विशाल गर्ग, सुधीर गर्ग, राकेश सिंघल, घनश्याम गुप्ता, मुस्तफा सलमानी, बबलू कुरैशी, रितेश बंसल, मनोज बंसल, देवपाल राण, सरफराज मलिक आदि मौजूद रहे।