लॉकडाउन: जान जोखिम में डाल यमुना पार कर रहे मजदूर, पुलिस ने यूपी की सीमा में घुसने से रोका
हरियाणा की ओर से प्रवासी मजदूरों का आना लगातार जारी है। हाईवे पर सख्ती बढ़ने के बाद मजदूर जान जोखिम में डाल कर यमुना नदी से होकर यूपी की सीमा में पहुंच रहे हैं।
सहारनपुर के चिलकाना क्षेत्र में शनिवार को चोरी मंडी गांव में ऐसे मजदूरों का जत्था पहुंचा जो खाना खा कर कच्चे रास्तों से आगे बढ़ गया। गंगोह में भी आजमगढ़ जाने के लिए हरियाणा और पंजाब से पैदल चलकर आए 14 मजदूरों ने यमुना नदी को पैदल पार किया। जिला पंचायत सदस्य चौधरी नक्षत्र पाल सिंह ने उन्हें भोजन कराया और पुलिस की मदद से पिलखनी सेंटर में भेजा।
सरसावा में भी दर्जनों मजदूर परिवारों के साथ पैदल चलते हुए शाहजहांपुर पुलिस चौकी में पहुंचे और यूपी में प्रवेश करने लगे। इन्हें यूपी पुलिस ने रोक दिया। प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी ने मजदूरों के सामने अपनी समस्या बताई कि सहारनपुर क्षेत्र के आश्रय स्थल मजदूरों से भर चुके हैं और उनकी व्यवस्था करने में पुलिस प्रशासन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।