नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा जेवर हवाई अड्डा, सीएम योगी का बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने नोएडा के जेवर में बन रहे एयरपोर्ट का नाम बदलने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 अक्टूबर को यूपी कैबिनेट की बैठक के बाद इसकी घोषणा की. अब जेवर एयरपोर्ट को नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा. सरकार के मुताबिक, कैबिनेट बैठक में नाम बदलने से जुड़ा प्रस्ताव पारित किया गया है. इसके साथ ही बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर उनके अभिनंदन का प्रस्ताव भी पास किया गया.
कैबिनेट बैठक में एयरपोर्ट के नाम पर फैसला
यूपी कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने जेवर एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. यह एयरपोर्ट नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक अहम परियोजना माना जा रहा है. कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 साल पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया गया.
पीएम ने यूपी को उपहार में दिया नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री की आभारी है कि उन्होंने राज्य को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जेवर) उपहार में दिया है; यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा और भविष्य में देश का सबसे बड़ा विमानन केंद्र बनने जा रहा है. इसके फलस्वरूप, मंत्रिपरिषद ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नोएडा-जेवर’ रखने का प्रस्ताव भी पारित कर दिया है…”
यूपी में विकास कार्यों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के करीब नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे का नेटवर्क बढ़ा है. उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। सीएम योगी के मुताबिक, इन योजनाओं से राज्य के लोगों को लाभ मिला है.
किसानों और अर्थव्यवस्था पर भी रखी बात
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में पिछले नौ वर्षों के दौरान हुई प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खातों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है. उन्होंने फसल बीमा योजना, कर्जमाफी और गन्ना किसानों को भुगतान जैसे मुद्दों को भी सरकार के कामकाज से जोड़कर बताया.
