मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य लाभ को लेकर कराया हवन व दुआ

- सहारनपुर में सपा कार्यालय पर हवन-यज्ञ करते कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के 30वें स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने हवन-यज्ञ व दुआ कर पार्टी संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अम्बाला रोड स्थित सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का 30वां स्थापना दिवस हवन यज्ञ व दुआ कर मनाया गया जिसमें वैदिक विद्वान आचार्य प्रियव्रत शास्त्री के सानिध्य में हवन यज्ञ में पूर्णाहुति दी गई।
साथ ही मुस्लिम धर्मगुरू हफीज अरशद ने भी मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर दुआ कराई। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व राज्यमंत्री सरफराज खान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने 30 वर्ष पूर्व समाजवादी पार्टी के रूप में जो पौधा रोपित किया था वह आज कार्यकर्ताओं के सहयोग से वट वृक्ष का रूप ले चुका है जिसका श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत को जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से और मेहनत के साथ पार्टी की मजबूती के लिए काम करने का आह्वान किया।
पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश कोषाध्यक्ष इंजी. ब्रिजेश शर्मा व कार्यकारी महानगर अध्यक्ष मो. आजम शाह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव की सरपरस्ती में पार्टी ने देश व प्रदेश में अपनी पहचान बनाई है और नेताजी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार में किए गए कार्यों को आज भी जनता याद करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को मुलायम सिंह यादव की अभी भी बहुत जरूर है। इसलिए कार्यकर्ता उनके स्वस्थ होने की कामना को लेकर दुआ व पूजा कर रहे हैं।
इस दौरान जिला प्रवक्ता फैसल सलमानी, जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी, चौ. जुमला सिंह, जिंदा हसन, जमाल साबरी, राजकुमार प्रधान, जुबैर एडवोकेट, सुरैया, वेदपाल पटनी, रामशरण आदि मौजूद रहे।