‘अमेरिका भाग जाएं ज्ञानेश कुमार’, ट्रंप का नाम लेकर महुआ मोइत्रा की CEC को सलाह

‘अमेरिका भाग जाएं ज्ञानेश कुमार’, ट्रंप का नाम लेकर महुआ मोइत्रा की CEC को सलाह

एसआईआर मामले को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पूरा विपक्ष हमलावर है. इसी को लेकर ममता बनर्जी की करीबी और टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अमेरिका की फ्लाइट पकड़ लेनी चाहिए. ज्ञानेश कुमार को लेकर मोइत्रा ने ब्राजील के विपक्षी नेता बोल्सनारो का उदाहरण दिया.

महुआ मोइत्रा ने कहा कि जिस तरीके से ट्रंप ने बोल्सनारो को सुरक्षित पनाह दी है. ज्ञानेश कुमार की भी ट्रंप ऐसे ही मदद कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश वहां पर वोट चोरी करके ट्रंप की मदद भी कर सकते हैं. न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए महुआ मोइत्रा ने दावा किया कि आने वाले समय में केंद्र सरकार बदल जाएगी और ज्ञानेश कुमार को जेल जाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि इससे अच्छा है कि वह फ्लाइट पकड़कर अमेरिका चले जाएं.

ये सरकार जाने वाली है- महुआ

महुआ ने कहा, “एक चीज याद रखिए ज्ञानेश कुमार बचेंगे नहीं. 2029 या फिर उससे पहले ही यह सरकार जाने वाली है और जिस दिन इंडिया ब्लॉक सत्ता में आएगा उसी दिन यह नियम वापस लिया जाएगा और ज्ञानेश कुमार को जेल भेजा जाएगा.” ममता बनर्जी की नेता ने ज्ञानेश कुमार को सलाह दी कि वह ब्राजीलियाई नेता की तरह अमेरिका चले जाएं.

ब्राजील के नेता का किया जिक्र

महुआ ने आगे कहा कि जैसा की सभी को पता है कि ब्राजील के नेता फ्लावियो बोल्सनारो जेल जाने वाले थे, लेकिन वो उसी वक्त अमेरिका भाग निकले. ऐसे ही में ज्ञानेश कुमार को सलाह देती हूं कि आप जेल जाने वाले हैं. इसलिए बेहतर है कि आप अमेरिका निकल जाइए. डोनाल्ड ट्रंप को आपकी जरूरत है. वहां पर आपको सुरक्षा मिलेगी. डोनाल्ड ट्रंप की 2 साल मदद कीजिए ताकि वह राष्ट्रपति चुनाव में भारत की तरह वोट चोरी करके जीत सकें.

ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी के आरोप

डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार सोशल मीडिया पर ज्ञानेश कुमार की तारीफ की थी. उन्होंने भारत के चुनाव आयोग को सुलभ और सुरक्षित बताया था. इसके बाद भारत में विपक्षी नेताओं ने इस पर सवाल उठाया था. विपक्ष लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी के आरोप लगाता रहा है और एसआईआर के मुद्दे को लेकर लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है.