बूंद-बूंद पीने के पानी को तरस रहे गणेशपुर गांव के नागरिक
बिहारीगढ़। शिवालिक वन प्रभाग सहारनपुर की मोहण्ड रेंज के जंगल की सीमा से सटे गांव गणेशपुर में जल निगम के ट्यूबवेल की मोटर पिछले करीब 15 दिनों से फूंकी हुई पड़ी है, संबंधित विभाग के अधिकारी लोगों को रोजाना झूठे आश्वासन देकर गुमराह कर रहे हैं। जिसकी वजह से गांव में पेयजल संकट से ग्रामीण बुरी तरह त्रस्त है, विभागीय अधिकारियों की लापरवाह कार्य शैली के प्रति ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश पनप रहा है।
ग्राम सभा प्रधान गणेशपुर चरण सिंह राठौर ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि उनके गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए वैसे तो दो नलकूप संचालित है परंतु पिछले करीब 15 दिनों से एक नलकूप की मोटर फूंक जाने से आपूर्ति बाधित है, गांव में पीने के पानी के लिए ग्रामीण बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। अनेक बार विभागीय जेई दुष्यंत कुमार को इस गम्भीर समस्या से अवगत कराया गया लेकिन उनके झूठे आश्वासनों के सिवाय ग्रामीणों को कुछ नहीं मिला। यही स्थिति बनी रही तो ग्रामीण अगले दो तीन दिनों में आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
उधर भीषण गर्मी की वजह से गांव में पीने के पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है विभागीय अधिकारियों की लापरवाह कार्यशैली की वजह से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश पनप रहा है। इस संबंध में जल निगम के जेई दुष्यंत कुमार से अपडेट प्राप्त करने के लिए लगातार दो दिन बीत गए लेकिन उन्होंने फोन ही रिसीव नहीं किया। जानकारी करने पर एई योगेश कुमार ने बताया कि उन्हें पहले जानकारी मिली थी कि गणेशपुर में एक नलकूप का वाटर लेवल गहराई में जाने की वजह से पानी कम है, उसका रिबोर कराने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया गया है, लेकिन अब ताजा जानकारी मंगवाई गई तो पता चला कि बिजली की मोटर फूंकी हुई है जिसे मंगलवार को टेक्नीशियन भेजकर निकलवाया जाएगा और शीघ्र ही गणेशपुर गांव में पेयजल आपूर्ति बहाल करवा दी जाएगी।
