इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज पर भड़के चिराग पासवान, LJP-RV ने दर्ज कराई पुलिस शिकायत, FIR की मांग

इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज पर भड़के चिराग पासवान, LJP-RV ने दर्ज कराई पुलिस शिकायत, FIR की मांग

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज से पूरी तरह किनारा कर लिया है। पार्टी ने दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए FIR दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। LJP (RV) का आरोप है कि भारद्वाज ने राजनीतिक संरक्षण का झूठा दावा करने के लिए पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नाम का गलत इस्तेमाल किया।

पार्टी ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्र भारद्वाज का LJP (RV) से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है। पार्टी ने पुलिस से मामले को रिकॉर्ड पर लेते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

निशु आजाद के पिता को पीटने का दावा

दरअसल, स्वतंत्र भारद्वाज के एक इंटरव्यू का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने कथित तौर पर CJP कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय का सिर फोड़ने का दावा किया था। इसके बाद निशु आजाद ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही है। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी मदद की अपील की थी।

विवाद बढ़ने के बाद भारद्वाज ने अपने बचाव में कहा कि उन्होंने जो कुछ किया, वह आत्मरक्षा में किया था। उनका दावा था कि अगर उन्होंने खुद को बचाने के लिए कदम नहीं उठाया होता तो भीड़ उनकी जान ले सकती थी। उन्होंने चिराग पासवान और दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा से मदद मांगे जाने की बात भी कही।

बुलंदशहर में पुलिस ने हिरासत में लिया

खुद को ‘कट्टर हिंदू’ बताने वाले स्वतंत्र भारद्वाज को बाद में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, वह नैथला गांव से भागकर खुर्जा की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया।

हिरासत की खबर सामने आने के बाद चिराग पासवान ने भारद्वाज से साफ तौर पर दूरी बना ली। उन्होंने कहा कि वह और उनकी पार्टी निशु आजाद और उनके पिता के साथ मजबूती से खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

चिराग बोले- कानून का मजाक उड़ाने वालों पर हो कार्रवाई

चिराग पासवान ने कहा कि कानून का मजाक उड़ाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दिल्ली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की अपील की।

शुक्रवार शाम पटना में पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने घटना को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति खुलेआम किसी को इतनी बुरी तरह पीटने की बात स्वीकार करता है कि उसकी जान भी जा सकती थी और इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होती, तो यह देश और समाज के लिए बेहद गलत उदाहरण होगा।