चित्रकूट पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूजन के बाद अखंड वाल्मीकि रामायण का कर रहे हैं पाठ

चित्रकूट पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूजन के बाद अखंड वाल्मीकि रामायण का कर रहे हैं पाठ

चित्रकूट । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट पहुंच चुके हैं। चित्रकूट के लालापुर स्थित वाल्मीकि आश्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में आंशिक बदलाव हुआ था। फिलहाल 1:50 पर उनका हेलीकॉप्टर लैंड हुआ। बता दें कि मुख्यमंत्री यहां महर्षि वाल्मीकि के जयंती समारोह में शामिल होने आए हैं।

लालापुर स्थित असावर माता मंदिर में मुख्यमंत्री पहुंचे, यहां पर देवी माता के मंदिर में पूजन के साथ आरती की। अब महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री वाल्मीकि पर्वत के लिए रवाना हो चुके हैं और वे अब वहां पर पूजन करेंगे। वहीं, जनसभा स्थल मंच पर पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय कमान संभाले हुए हैं। सीएम ने वाल्मीकि पर्वत स्थित गुफा में दर्शन के बाद अब महर्षि का पूजन कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अखंड वाल्मीकि रामायण पाठ का शुभारंभ कर दिया है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह के बहाने मिशन चित्रकूट पर फोकस करेंगे। वह अपने कार्यकाल के दौरान सातवीं बार चित्रकूट पहुंचे हैं। इससे चित्रकूट के विकास को पंख लगने की उम्मीदें और बढ़ी हैं। इसके पहले दौरों में सीएम बुंदेलखंड को पर्यटन हब बनाने की घोषणा कर चुके हैं, जिस पर अमल भी हो रहा है। उसी क्रम में वाल्मीकि आश्रम में भी करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

समाज की एकजुटता का देंगे संदेश, चित्रकूट करेगा अगुवाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात में महापुरुषों की जयंती भव्यता से मनाने को कहा था। इसीलिए सीएम ने चित्रकूट में महर्षि वाल्मीकि की जयंती समारोह को लेकर अगुवाई की है। साथ ही पूरे प्रदेश में शनिवार को आयोजन होंगे। इसमें वाल्मीकि रामायण का अखंड पाठ, मठ मंदिरों, महर्षि से जुड़े स्थलों पर कार्यक्रम होंगे। वाल्मीकि आश्रम की पहाड़ी पर भी सीएम जाएंगे। वहां पूजा अर्चना करेंगे।

सबसे ज्यादा बार चित्रकूट आने वाले मुख्यमंत्री बने योगी आदित्यनाथ 

योगी आदित्यनाथ अपने कार्यकाल के दौरान सबसे ज्यादा बार चित्रकूट आने वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। वह यहां सातवीं बार आए हैं। इससे पहले तीन बार मुख्यमंत्री रात में रुक कर कामदगिरि परिक्रमा भी लगा चुके हैं। बाकी योजनाओं के लोकार्पण समेत दूसरे कार्यक्रमो में वह आए। अबकी बार उनके आगमन से कुछ नए की आस लोगों को है। प्रदेश सरकार चित्रकूट धाम तीर्थ विकास परिषद गठन को लेकर भी काम कर रही है। इससे यहां के हालात बदलेंगे और पर्यटन को पंख लगेंगे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे